News Saga Desk
बिहार के रोहतास जिले के दरिहट थाना क्षेत्र में बुधवार को डेहरी-बिक्रमगंज मार्ग पर एक अनियंत्रित थार वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज सासाराम सदर अस्पताल में चल रहा है।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अनुमंडलीय अस्पताल डेहरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव, थार वाहन और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया।
हादसे का विवरण
स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत एसएच-15 डेहरी-बिक्रमगंज मुख्य सड़क पर यह हादसा उस समय हुआ, जब तीनों युवक अपनी बाइक (बी आर 24 ए एम 9628) पर भरकुडिया गांव लौट रहे थे। तभी डेहरी की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे थार वाहन (बी आर 24 ए एल 8956) ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक और विकास नामक युवक वाहन में फंस गए और लगभग 50 मीटर तक थार के नीचे घसीटते हुए चले गए। दो अन्य युवक घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर गिर गए। चालक वाहन को छोड़कर मौके से भागने में सफल रहा।
मृतक और घायल
घटनास्थल पर ही भरकुडिया निवासी 30 वर्षीय विकास कुमार (पिता स्वर्गीय सत्यनारायण महतो) की मौत हो गई। वहीं रुस्तम अंसारी (पिता मेराज अंसारी) का इलाज के दौरान सदर अस्पताल सासाराम में निधन हो गया। गंभीर रूप से घायल नागेश्वर पासवान उर्फ नागा (पिता अवधेश पासवान) का इलाज अभी चल रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
थानाध्यक्ष रविरंजन प्रियदर्शी ने बताया कि दो युवकों की मौत हो गई है और एक घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने घटना स्थल से वाहन और शव जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
No Comment! Be the first one.