News Saga Desk
अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट में सोमवार को आयोजित इंटरनेशनल काइट फेस्टिवल-2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ शामिल हुए। दोनों नेताओं ने एक साथ पतंग उड़ाकर उत्सव का आनंद लिया और भारत-जर्मनी मित्रता का संदेश दिया।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर पारंपरिक नृत्य और लोक संगीत के माध्यम से दोनों नेताओं का भव्य स्वागत किया गया। कलाकारों ने उन्हें पारंपरिक गुजराती स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया। साबरमती रिवरफ्रंट पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जो भारतीय और जर्मन राष्ट्रीय ध्वज लहराते नजर आए।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने चांसलर मर्ज़ को उत्तरायण पर्व का महत्व समझाया। दोनों नेताओं ने गुजरात आए अंतरराष्ट्रीय पतंगबाज़ों से भी संवाद किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ संदेश वाली विशेष डिजाइन की पतंग उड़ाई। आसमान में तिरंगे, देवी-देवताओं और दोनों नेताओं की तस्वीरों वाली पतंगें आकर्षण का केंद्र रहीं।
पतंग महोत्सव में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी और जर्मन चांसलर साबरमती आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान गांधीजी के जीवन और विरासत पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। जर्मन चांसलर ने विज़िटर्स बुक में अपने विचार भी दर्ज किए।
गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव का आयोजन हर वर्ष जनवरी माह में उत्तरायण के अवसर पर गुजरात में किया जाता है, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में प्रतिभागी शामिल होते हैं।
No Comment! Be the first one.