News Saga Desk
Indigo Crisis: देशभर में इंडिगो की उड़ानों में लगातार देरी और रद्द होने की घटनाओं ने यात्रियों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। कई यात्रियों ने शिकायत की है कि एयरलाइन समय पर कोई सूचना नहीं दे रही, जिससे यात्रा योजनाएं बिगड़ रही हैं और आर्थिक नुकसान भी हो रहा है।
गुवाहाटी में एक महिला यात्री ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि वह सुबह शिलांग से यहां पहुंची हैं। उनके पति का निधन हो गया है और वे ताबूत को कोलकाता ले जाकर अंतिम संस्कार करना चाहती हैं। उन्होंने इंडिगो की उड़ान बुक की है, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि फ्लाइट चलेगी या नहीं। उन्हें डर है कि उड़ान रद्द न हो जाए। इस घटना का वीडियो न्यूज एजेंसी एएनआई ने साझा किया है।
उधर गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी इंडिगो की कई उड़ानें रद्द होने से अफरा–तफरी की स्थिति पैदा हो गई। यात्रियों की लंबी कतारें दिखीं और एक महिला के रोते हुए वीडियो ने एयरलाइन की अव्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इंडिगो की उड़ानों में चल रही देरी और रद्दीकरण के बीच DGCA ने फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) से जुड़े आदेशों को तत्काल प्रभाव से रोक दिया है, ताकि उड़ान संचालन में स्थिरता लाई जा सके और यात्रियों की परेशानियों को कम किया जा सके
No Comment! Be the first one.