News Saga Desk
राजधानी रांची स्थित जगन्नाथपुर मंदिर का स्थापना दिवस 25 दिसंबर को श्रद्धा और विधि-विधान के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विष्णु लक्षार्चना वार्षिक पूजा और विष्णु सहस्त्रनाम सहित कई धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा।
स्थापना दिवस के मौके पर सुबह 5 बजे से भगवान जगन्नाथ के दर्शन भक्तों के लिए उपलब्ध होंगे। सुबह 6 बजे आरती होगी। इसके बाद सुबह 8 बजे से 8:30 बजे तक कलश पूजा और विष्णु पूजा का आयोजन किया जाएगा। वहीं, सुबह 8:30 बजे से 9:15 बजे तक गणपति हवन और विष्णु गायत्री हवन संपन्न होगा।
मंदिर न्यास समिति के अनुसार, सुबह 9:16 बजे से 10 बजे तक पूजा के लिए श्रद्धालुओं के बीच पत्तल और फूलों का वितरण किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक विष्णु सहस्त्रनाम पूजा होगी। दिन के 11:31 बजे अर्चित फूल भगवान को समर्पित किए जाएंगे।
दोपहर 12 बजे भगवान को अन्न भोग लगाया जाएगा और 12:10 बजे महाप्रभु के दर्शन के लिए पट बंद कर दिए जाएंगे। इसके पश्चात दोपहर 12:30 बजे से श्रद्धालुओं के बीच अन्न भोग का निशुल्क वितरण किया जाएगा। अपराह्न 3 बजे पुनः मंदिर के पट दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे।
जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति ने बताया कि विष्णु सहस्त्रनाम अनुष्ठान में शामिल होने के लिए महिलाओं को साड़ी और पुरुषों को धोती पहनना अनिवार्य होगा। निर्धारित परिधान में नहीं आने वाले श्रद्धालु अनुष्ठान में शामिल नहीं हो सकेंगे।
No Comment! Be the first one.