News Saga Desk
जमशेदपुर। जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधीनगर में घर में घुसकर पोपो मुंडा को गोली मारने वाले आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों में बादल समासी और एक नाबालिग शामिल है। दोनों के पास से पुलिस ने एक देसी पिस्टल और मैगजीन भी बरामद की है सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि 17 सितंबर की शाम कुछ अपराधियों ने पोपो मुंडा को उनके घर में घुसकर गोली मार दी थी, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गये थे। घटना के बाद मोहल्ले के ही दो युवकों का नाम सामने आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस को 25 सितंबर को गुप्त सूचना मिली कि दोनों आरोपी अपने घर पहुंचे हुए हैं। जानकारी मिलते ही छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इस सफल कार्रवाई में बागबेड़ा थाना प्रभारी गोपाल कुमार यादव, पुलिस अवर निरीक्षक जेवियर होरो, आलोक कुमार, संतोष कुमार और सुनील कुमार यादव शामिल रहे।
No Comment! Be the first one.