News Saga Desk
जमशेदपुर। ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ काशीडीह रामनवमी मैदान में धूमधाम से हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधानसभा नेता प्रतिपक्ष तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी शामिल हुए और उन्होंने पूजा पंडाल का उद्घाटन किया।
इस मौके पर बाबूलाल मरांडी के अलावा जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू और भाजपा के वरिष्ठ नेता अभय सिंह भी उपस्थित थे। उद्घाटन समारोह को भव्य रूप से 11 पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण और संखध्वनि के साथ प्रारंभ किया गया। अतिथियों ने फीता काटकर पंडाल का उद्घाटन किया और ठाकुर प्यारा सिंह उच्च विद्यालय के छात्रों तथा क्लब के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत माल्यार्पण करके किया। इसके बाद अतिथियों ने पंडाल में प्रवेश कर मां दुर्गा की उपासना की, जहां पंडितों ने दीप प्रज्वलन कर और चुनरी द्वारा अतिथियों का सम्मान किया। इसके बाद, अतिथियों ने ठाकुर प्यारा सिंह और धुरंधर सिंह के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उद्घाटन समारोह में काशीडीह के हजारों निवासी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
समारोह को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जमशेदपुर की पूजा संस्कृति और पूजा पंडाल के विहंगम दृश्यों ने उन्हें आकर्षित किया है। उन्होंने मां दुर्गा की उपासना और इसके धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला और आयोजन में योगदान देने वाले सभी सदस्य का धन्यवाद किया। क्लब के संरक्षक अभय सिंह ने क्लब की ऐतिहासिकता और मां दुर्गा के नौ रूपों का वर्णन किया और हर रूप की महत्ता को उपस्थित दर्शकों के बीच समझाया। उन्होंने नारी रूप में मां दुर्गा की शक्ति की भी व्याख्या की।
सांसद विद्युत वरण महतो ने समारोह में हिस्सा लेने के अनुभव को साझा किया और पंडाल तथा मां दुर्गा की प्रतिमा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार बंगाल और झारखंड के श्रमिकों ने मिलकर इस पंडाल का निर्माण किया है। विधायक पूर्णिमा दास साहू ने मां दुर्गा के देवी स्वरूप का गुणगान किया और समाज में नारी शक्ति की महत्ता पर अपने विचार साझा किए।
No Comment! Be the first one.