जमशेदपुर में रामनवमी को लेकर ट्रैफिक प्लान लागू, 27-29 मार्च तक कई वाहनों की एंट्री पर रोक

News Saga Desk

जमशेदपुर : रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। संभावित भीड़, जुलूस और अखाड़ों के आयोजन को देखते हुए शहर में व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। यह व्यवस्था 27 मार्च से शुरू होकर 29 मार्च की सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगी।

बता दें की, मंगलवार को जारी आदेश के अनुसार, 27 मार्च को सुबह 6 बजे से 11:30 बजे तक और दोपहर 1 बजे से रात 11 बजे तक बसों को छोड़कर सभी भारी वाहनों के शहर में प्रवेश और परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं, 28 मार्च को दोपहर 1 बजे से 29 मार्च की सुबह 6 बजे तक सभी मालवाहक वाहनों, बसों, चारपहिया और भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी जाएगी।

रामनवमी के दिन यानी 28 मार्च को विशेष सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक शहर के प्रमुख और संवेदनशील मार्गों पर तीन पहिया वाहनों का परिचालन भी प्रतिबंधित रहेगा। इनमें गोलमुरी चौक, आरडी टाटा गोलचक्कर, सागर होटल चौक, नौ नंबर टैक्सी स्टैंड, बसंत टॉकीज, मिनी बस स्टैंड, साकची गोलचक्कर, बंगाल क्लब, किताब लाइन, पुराना कोर्ट मोड़ और स्वर्णरेखा घाट की ओर जाने वाले मार्ग शामिल हैं।

यह ट्रैफिक प्लान ट्रैफिक डीएसपी कार्यालय द्वारा उपायुक्त (डीसी), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और ट्रैफिक डीएसपी के निर्देश पर जारी किया गया है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक नियमों और रूट डायवर्जन का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

Read More News

Read More