News Saga Desk
दिल्ली में गिरफ्तार किए गए एक अफगानी नागरिक से मिले इनपुट के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इसी क्रम में दिल्ली पुलिस और झारखंड एटीएस की संयुक्त टीम ने जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।
सूत्रों के अनुसार, अफगानी नागरिक की निशानदेही पर दिल्ली पुलिस की टीम जमशेदपुर पहुंची और झारखंड एटीएस के सहयोग से कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने संदिग्ध स्थानों से अहम दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और अन्य कागजात बरामद किए हैं।
जांच एजेंसियां जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल सामग्री की मदद से यह पता लगाने में जुटी हैं कि जमशेदपुर में इस नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा है। बताया जा रहा है कि दिल्ली में पकड़ा गया अफगानी नागरिक पहले लंबे समय तक जमशेदपुर में रह चुका है और इस दौरान उसने कई स्थानीय लोगों से संपर्क स्थापित किया था।
पूछताछ के दौरान अफगानी नागरिक ने जमशेदपुर में मौजूद अपने कई सहयोगियों और संपर्कों के नाम बताए थे, जिसके बाद यह सर्च ऑपरेशन किया गया। सुरक्षा एजेंसियां अब कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ करने की तैयारी कर रही हैं।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर एजेंसियां गोपनीयता बनाए हुए हैं। बरामद दस्तावेजों और डिजिटल उपकरणों की गहन जांच की जा रही है, हालांकि दिल्ली पुलिस और झारखंड एटीएस की ओर से अब तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
No Comment! Be the first one.