दुर्गा पूजा में यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग, जदयू ने डीसी को सौंपा ज्ञापन

News Saga Desk

पूर्वी सिंहभूम। दुर्गा पूजा पर्व को लेकर शहर में यातायात समस्याओं के समाधान की मांग तेज हो गई है। इसी क्रम में जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने बुधवार को उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें दुर्गा पूजा के दौरान विशेष रूप से शहरवासियों को सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि दुर्गा पूजा के समय बड़ी संख्या में लोग पूजन सामग्री, वस्त्र एवं अन्य सामान खरीदने के लिए बाजारों का रुख करते हैं। ऐसे समय में लगातार ट्रैफिक चेकिंग और चालान की कार्रवाई से आमजन को परेशानी होती है और त्योहार का उल्लास भी बाधित होता है।

सुबोध श्रीवास्तव ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि विजयादशमी तक विशेष रूप से हेलमेट चेकिंग और चालान की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। साथ ही मुख्य बाजार क्षेत्रों और पुलों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए, ताकि भीषण जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि खराब ट्रैफिक सिग्नलों को तुरंत दुरुस्त कराया जाए और शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती बरती जाए। दिन में न्यूनतम समय के लिए ही भारी वाहनों को परिचालन की अनुमति दी जाए। जदयू नेताओं का कहना है कि अगर उपायुक्त द्वारा प्रभावी हस्तक्षेप किया जाता है तो शहरवासी सुचारु यातायात व्यवस्था के साथ दुर्गा पूजा का आनंद उठा सकेंगे।


Read More News

Read More