राहुल गांधी पर जदयू का तीखा प्रहार, लोकतंत्र के सवाल पर उठाए गंभीर मुद्दे

News Saga Desk

जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय प्रवक्ता नीरज कुमार ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र पर सवाल उठाना न केवल अनुचित है, बल्कि इससे राहुल गांधी की राजनीतिक समझ और भूमिका पर भी गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।

मंगलवार को बयान जारी करते हुए नीरज कुमार ने कहा कि राहुल गांधी किसी राजनीतिक संघर्ष या संगठनात्मक क्षमता के दम पर नहीं, बल्कि एक खास परिवार में जन्म लेने के कारण कांग्रेस नेतृत्व की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। जनता ने उन्हें विपक्ष में बैठने का जनादेश दिया है, इसके बावजूद वे संसद के शीतकालीन सत्र को छोड़कर बिना स्पष्ट कारण विदेश चले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश के आंतरिक मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाकर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करते रहे हैं।

वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार

राहुल गांधी द्वारा लगाए गए वोट चोरी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए जदयू प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि क्या बिहार में कांग्रेस और महागठबंधन को मिली सीटें भी उसी कथित प्रक्रिया का नतीजा थीं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद को जो सीटें मिलीं, क्या वे भी वोट चोरी से हासिल हुईं। नीरज कुमार के अनुसार, इस तरह के आरोप राहुल गांधी को खुद विरोधाभास के घेरे में खड़ा कर देते हैं।

कांग्रेस के अतीत पर सवाल

नीरज कुमार ने कांग्रेस के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि गैर-कांग्रेस सरकारों की बर्खास्तगी, धारा 356 का दुरुपयोग और आपातकाल जैसे फैसलों ने लोकतंत्र को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस शासनकाल में जांच एजेंसियों की निष्पक्षता पर सवाल उठे और सुप्रीम कोर्ट तक ने सीबीआई को “पिंजरे का तोता” कहा था। ऐसे में लोकतंत्र पर भाषण देने से पहले कांग्रेस को अपने अतीत की समीक्षा करनी चाहिए।

शशि थरूर का उदाहरण

कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बयान का हवाला देते हुए नीरज कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद थरूर ने बिहार आकर राज्य में हुए विकास कार्यों की सराहना की थी। उन्होंने सड़कों, बिजली व्यवस्था और नालंदा विश्वविद्यालय में हुए सकारात्मक बदलावों का उल्लेख किया, जहां आज 22 देशों के छात्र अध्ययन कर रहे हैं।

नीरज कुमार ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को राजगीर में भी विकास नजर नहीं आया, क्योंकि उनकी प्राथमिकता विकास देखने से ज्यादा राजनीतिक बयानबाजी रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता का पद जिम्मेदारी और गंभीरता की मांग करता है, जिसे राहुल गांधी को समझना चाहिए।

Read More News

Read More