News Saga Desk
पूर्वी सिंहभूम: शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी के अपहरण के मामले को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को जदयू के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने आरक्षी अधीक्षक (नगर) पूर्वी सिंहभूम को ज्ञापन सौंपते हुए मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में जदयू जिला अध्यक्ष ने कहा कि अपहरण के बाद से कैरव गांधी की सुरक्षा और जीवन को लेकर गंभीर आशंकाएं बनी हुई हैं। मीडिया में फिरौती की मांग और 48 घंटे के अल्टीमेटम से जुड़ी खबरें सामने आ रही हैं, जो यदि सत्य हैं तो स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने न केवल एक प्रतिष्ठित व्यवसायिक परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है, बल्कि पूरे शहर की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विशेष टीम गठन और खुफिया तंत्र सक्रिय करने की मांग
सुबोध श्रीवास्तव ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए सभी आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं। उन्होंने अपहरणकर्ताओं तक शीघ्र पहुंचने के लिए विशेष टीमों के गठन, आधुनिक तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग और खुफिया तंत्र को पूरी तरह सक्रिय करने की मांग की।
जनविश्वास से जुड़ा मामला
जदयू जिला अध्यक्ष ने कहा कि यह मामला प्रशासन की कार्यप्रणाली और प्रतिष्ठा से सीधे तौर पर जुड़ा है। यदि समय रहते ठोस परिणाम सामने नहीं आए, तो आम जनता का कानून-व्यवस्था से भरोसा कमजोर पड़ सकता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस प्रशासन इस संवेदनशील प्रकरण में सकारात्मक पहल करते हुए कैरव गांधी की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा। ज्ञापन सौंपे जाने के बाद शहर के व्यापारिक संगठनों में भी इस घटना को लेकर चिंता का माहौल देखा गया। कई व्यवसायियों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग दोहराई है।
No Comment! Be the first one.