News Saga Desk
रांची: झारखंड सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट मंगलवार यानी आज दोपहर 12 बजे विधानसभा में पेश करेगी। राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर लगातार दूसरी बार बजट प्रस्तुत करेंगे। इस बार बजट का आकार लगभग 1.59 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा बजट माना जा रहा है।
बजट में योजना मद को बड़ी प्राथमिकता
सूत्रों के अनुसार, कुल बजट में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक राशि योजना मद में रखी जा सकती है। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1.45 लाख 400 करोड़ रुपये का मूल बजट था, जिसमें 91,741.53 करोड़ रुपये योजना मद के लिए निर्धारित किए गए थे। इनमें से 17,073.61 करोड़ रुपये केंद्रीय योजनाओं से संबंधित थे।
महिला, स्वास्थ्य और शिक्षा पर सरकार का विशेष जोर
सरकार का मुख्य जोर सामाजिक क्षेत्र पर रहने की संभावना है। महिला, बाल विकास और सामाजिक सुरक्षा विभाग को सर्वाधिक आवंटन मिल सकता है। इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को भी प्राथमिकता दिए जाने की उम्मीद है।
बजट में पारदर्शिता और लक्ष्य आधारित खर्च पर जोर
इस बार सरकार मूल बजट के साथ आउटकम बजट, जेंडर बजट और बाल बजट भी पेश करने की तैयारी में है। पिछले वर्ष 13 विभागों के लिए आउटकम बजट पेश किया गया था, जबकि इस बार विभागों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
करीब 200 योजनाओं को इसमें शामिल किए जाने का अनुमान है, जिन पर कुल बजट राशि का लगभग 60 प्रतिशत खर्च किए जाने का प्रस्ताव हो सकता है। जेंडर बजट के तहत महिला केंद्रित योजनाओं के लिए 33 प्रतिशत तक प्रावधान किया जा सकता है। इसमें 17 विभागों की 25 से अधिक योजनाएं शामिल होने की उम्मीद है।
इन विभागों को मिल सकती है बड़ी सौगात
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पेयजल एवं स्वच्छता, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता, वन एवं पर्यावरण, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, खाद्य आपूर्ति तथा तकनीकी व उच्च शिक्षा विभागों के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं संभव हैं।
बजट में हो सकती हैं कई बड़ी घोषणाएं
बजट में कई अहम योजनाओं की घोषणा की संभावना जताई जा रही है, जिनमें—
चतरा में भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव।
सभी मेडिकल कॉलेजों में कैथ लैब और कैंसर जांच के लिए पेट स्कैन सेंटर की स्थापना।
जिला अस्पतालों में सीटी स्कैन और मेमोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराने की योजना।
रांची में 20 एमटी क्षमता का मिल्क पाउडर उत्पादन केंद्र और अत्याधुनिक लैब की स्थापना।
इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में बड़े निवेश के संकेत
करीब 98 करोड़ रुपये की लागत से बटन तालाब परिसर में फिशरी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना प्रस्तावित है। राजधानी में ट्रैफिक सुधार के लिए करमटोली से साइंस सिटी, हरमू से डिबडीह और सहजानंद चौक से कांके रोड तक फ्लाईओवर निर्माण की घोषणा भी संभव है।
सरकार तैयार, आम लोगों को राहत की आस
सरकार की ओर से बजट पेश करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि आम जनता, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए क्या विशेष प्रावधान किए जाते हैं। यदि अनुमान सही साबित होते हैं, तो यह बजट आकार और योजनाओं के दृष्टिकोण से अब तक के सबसे महत्वपूर्ण बजटों में शामिल हो सकता है।
No Comment! Be the first one.