News Saga Desk
झारखंड में सर्दी का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। दिन में जहां हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है, वहीं शाम होते ही ठंडी हवाएं चलने लगती हैं और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटों में राज्य के तापमान में सामान्य से बदलाव देखने को मिला है। अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।
छह जिलों में कड़ाके की ठंड
मौसम केंद्र, रांची द्वारा 2 फरवरी को जारी रिपोर्ट के अनुसार गुमला, खूंटी, बोकारो, हजारीबाग, डाल्टनगंज और सिमडेगा में कड़ाके की ठंड महसूस की गई। गुमला में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा खूंटी में 8.6 डिग्री, बोकारो में 8.8 डिग्री, डाल्टनगंज में 9.1 डिग्री, हजारीबाग में 9.3 डिग्री और सिमडेगा में 9.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
प्रमुख शहरों की बात करें तो रांची का न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री और जमशेदपुर का 14.4 डिग्री रहा। वहीं कोडरमा में 11.0, लोहरदगा में 11.5, पाकुड़ में 11.3, लातेहार में 12.7 और सरायकेला में 13.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
अधिकतम तापमान में भी गिरावट
मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के अधिकतम तापमान में भी सामान्य से लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में 29.4 डिग्री के साथ चाईबासा सबसे गर्म जिला रहा, जबकि 29.3 डिग्री के साथ सरायकेला दूसरे स्थान पर रहा। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री दर्ज किया गया।
इसके अलावा रांची में 25.2, डाल्टनगंज में 27.0, बोकारो में 27.5, सिमडेगा में 27.2, गुमला में 26.3, खूंटी में 25.9, पाकुड़ में 26.4 और लोहरदगा में 25.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। लातेहार, कोडरमा, रांची और हजारीबाग में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 2 से 4 फरवरी के बीच सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है और आंशिक बादल छाए रहेंगे, हालांकि मौसम शुष्क बना रहेगा। सोमवार से न्यूनतम तापमान में अगले चार दिनों के दौरान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। इसके बाद तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, लेकिन शाम के बाद ठंड का असर महसूस होता रहेगा।
No Comment! Be the first one.