झारखंड में ठंड का प्रकोप चरम पर: 13 जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे, स्कूल 31 दिसंबर तक बंद

News Saga Desk

रांची : झारखंड में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार गिरते न्यूनतम तापमान के कारण दिन में भी सिहरन महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। हालांकि नए साल से ठीक पहले पारे में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।

राजधानी रांची में बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों को 31 दिसंबर तक बंद रखने का निर्णय लिया है। मौसम केंद्र ने गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, रांची और खूंटी जिलों के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है।

गुमला में सबसे ज्यादा ठंड

मौसम केंद्र, रांची की 27 दिसंबर की रिपोर्ट के अनुसार राज्य में सबसे अधिक ठंड गुमला जिले में दर्ज की गई है, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 3.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यहां अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री रहा, जिससे दिन में भी ठिठुरन बनी रही। हालात ऐसे हैं कि लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है और जगह-जगह अलाव जलाते नजर आ रहे हैं।

गुमला से सटे खूंटी में भी ठंड का असर साफ दिखा, जहां न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हालांकि कड़ाके की ठंड के बावजूद खूंटी के जलप्रपातों और नदियों के किनारे पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ देखी जा रही है। लोग पिकनिक मनाकर साल 2025 को विदा कर रहे हैं।

13 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे

मौसम विभाग के अनुसार गुमला और खूंटी के अलावा राज्य के 11 अन्य जिलों में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। हजारीबाग और लोहरदगा में 5.2 डिग्री, डाल्टनगंज में 5.5 डिग्री, सिमडेगा में 6.9 डिग्री, सरायकेला में 7.7 डिग्री, रांची में 7.9 डिग्री, कोडरमा और लातेहार में 8.0 डिग्री, बोकारो में 8.5 डिग्री, देवघर में 8.7 डिग्री और चाईबासा में 8.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। कई जिलों में हालात शिमला से भी ज्यादा सर्द बताए जा रहे हैं।

अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट

राज्य के 13 जिलों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। लातेहार में अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम है। लोहरदगा में 19.3, हजारीबाग में 19.9, रांची में 20.6, कोडरमा में 20.8 और बोकारो में 21.1 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। दिन और रात के तापमान में कम अंतर होने के कारण पूरे दिन ठंड का असर बना हुआ है।

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि राज्य के कई हिस्सों में सुबह हल्के से मध्यम कोहरे का असर रहेगा, जबकि बाद में आसमान साफ हो सकता है। पश्चिमी झारखंड में शीतलहर का असर ज्यादा रहेगा। मौसम केंद्र ने लोगों को पूरी तैयारी के साथ घर से बाहर निकलने, गर्म कपड़े पहनने और ठंड से जुड़ी किसी भी परेशानी पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।

Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More