News Saga Desk
झारखंड में कड़ाके की ठंड के बीच अब लोगों को थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, झारखंड के 12 जिलों को छोड़कर शेष जिलों में अगले तीन दिनों तक ठंड की तीव्रता कम रहेगी और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि बिहार से सटे गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज और पाकुड़ जिलों में 30 और 31 दिसंबर को सुबह से दोपहर तक घना कोहरा छाया रह सकता है। इन इलाकों में शीतलहर चलने की भी आशंका जताई गई है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, अन्य जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा रहेगा, जबकि दिन में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, कहीं-कहीं ठंडी हवाओं के कारण ठंड का अहसास बना रह सकता है। उन्होंने बताया कि नववर्ष के पहले दिन ठंड की तीव्रता कम रहेगी और मौसम साफ रहेगा।
सोमवार को रांची का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटे में एक डिग्री अधिक है। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार कांके का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री रहा, जबकि रांची के कुछ ग्रामीण इलाकों में पारा 2.5 डिग्री तक गिर गया। वहीं मेदिनीनगर में 6.8 डिग्री, जमशेदपुर में 10 डिग्री, बोकारो में 9.5 डिग्री और चाईबासा में 8.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
राज्य के 18 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या उससे नीचे बना हुआ है। इनमें खूंटी (4.0 डिग्री), लोहरदगा (3.7 डिग्री), हजारीबाग (6 डिग्री), रामगढ़ (7 डिग्री), गुमला (4.0 डिग्री) और सिमडेगा (8 डिग्री) जैसे जिले शामिल हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सुबह-शाम सतर्क रहने और घने कोहरे के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
No Comment! Be the first one.