News Saga Desk
क्रिसमस के अवसर पर झारखंड सरकार ने राज्य की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की लाखों महिलाओं के बैंक खातों में नवंबर माह की सम्मान राशि सीधे ट्रांसफर कर दी गई है। इस संबंध में रांची के उपायुक्त (DC) ने ट्वीट कर भुगतान की विस्तृत जानकारी साझा की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रांची जिले की कुल 3,93,084 महिला लाभुकों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 2500 रुपये प्रति महिला की दर से राशि भेजी गई है। इस तरह कुल 98 करोड़ 27 लाख 10 हजार रुपये का भुगतान सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।
DC के ट्वीट के मुताबिक, जिले के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला है। कांके प्रखंड में सबसे अधिक 31,781 महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई है, जबकि मांडर में 23,308 और सिल्ली में 21,390 महिलाओं को लाभ मिला है। शहरी क्षेत्रों में 25,038 महिला लाभुकों को योजना के तहत भुगतान किया गया है।
इसके अलावा बेड़ो में 20,761, चान्हो में 19,851, रातू में 18,790, तमाड़ में 18,758 और ओरमांझी में 18,342 महिलाओं के खातों में सम्मान राशि जमा की गई है। बुढ़मू (18,152), नगड़ी (18,084), नामकुम (18,053), अनगड़ा (16,935) और हेहल (15,537) सहित सोनाहातू, अरगोड़ा, लापुंग, ईटकी, बड़गाईं, खलारी, राहे और बुण्डू के शहरी व ग्रामीण इलाकों की हजारों महिलाओं को भी इस योजना का लाभ मिला है।
क्रिसमस के मौके पर किया गया यह भुगतान राज्य सरकार की ओर से महिलाओं के लिए एक खास उपहार माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और सामाजिक सुरक्षा को भी सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
No Comment! Be the first one.