झारखंड नगर निकाय चुनाव 2026: मतगणना शुरू आज तय होगी शहरी सत्ता की तस्वीर

News saga Desk

पूरे राज्य की नजर आज नगर निकाय चुनाव 2026 के नतीजों पर टिकी है। 48 नगर निकायों में हुए मतदान के बाद सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई है। इस बार चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराए गए। झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने 1,309 काउंटिंग टेबल पर पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया का दावा किया है।

इस चुनाव में कुल 63.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो वर्ष 2018 के 64.66 प्रतिशत की तुलना में थोड़ा कम है। हालांकि, मतदान केंद्रों पर महिलाओं और युवाओं की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। उल्लेखनीय है कि इस बार मतपत्र में NOTA का विकल्प नहीं दिया गया था, यानी मतदाताओं को किसी एक उम्मीदवार का चयन अनिवार्य रूप से करना पड़ा।

9 नगर निगमों पर सबकी नजर

राज्य के 9 नगर निगमों में मेयर और पार्षद पदों के लिए मतगणना जारी है। बड़े शहरों के नतीजे यह तय करेंगे कि शहरी क्षेत्रों में किस राजनीतिक दल की पकड़ मजबूत है।

इन नगर निगमों में शामिल हैं –

रांची नगर निगम

धनबाद नगर निगम

जमशेदपुर नगर निगम

चास नगर निगम (बोकारो)

देवघर नगर निगम

हजारीबाग नगर निगम

गिरिडीह नगर निगम

आदित्यपुर नगर निगम

मेदिनीनगर नगर निगम

इन परिणामों से यह भी स्पष्ट होगा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार की शहरी इलाकों में स्थिति कितनी मजबूत है और भारतीय जनता पार्टी का संगठन कितना प्रभावी बना हुआ है।

नगर परिषदों में अध्यक्ष पद के लिए कांटे की टक्कर

राज्य की 20 नगर परिषदों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और वार्ड पार्षद पदों के लिए मतगणना जारी है। कई स्थानों पर मुकाबला बेहद कांटे का बताया जा रहा है। प्रमुख नगर परिषदों में गढ़वा, विश्रामपुर, चतरा, झुमरी तिलैया, मधुपुर, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, मिहिजाम, चिरकुंडा, फुसरो, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, चाईबासा, चक्रधरपुर और कपाली शामिल हैं।

नगर पंचायतों में भी रोमांचक मुकाबला

19 नगर पंचायतों के लिए भी आज मतगणना हो रही है। यहां भी कई स्थानों पर कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। जिन नगर पंचायतों में नतीजे आ रहे हैं, उनमें बासुकीनाथ, बुंडू, हुसैनाबाद, जामताड़ा, कोडरमा, लातेहार, मझिआंव, राजमहल, सरायकेला, नगर उंटारी, चाकुलिया, डोमचांच, बरहरवा, छत्तरपुर, धनवार, हरिहरगंज, बड़ी सरिया और महागामा शामिल हैं।

राज्यभर में मतगणना को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन की नजर हर राउंड की गिनती पर बनी हुई है। आने वाले कुछ घंटों में यह साफ हो जाएगा कि शहरी सरकार की कमान किसके हाथों में जाएगी।

Read More News

रांची में भाजपा समर्थित रोशनी खलखो मेयर बनीं, कांग्रेस समर्थित रमा खलखो को 14,363 मतों से हराया

झारखंड की राजधानी रांची में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित उम्मीदवार रोशनी खलखो मेयर बन गई हैं।...

Read More