झारखंड में दो दिन और सताएगी कड़ाके की ठंड, नववर्ष पर मौसम रहेगा सुहावना

News Saga Desk

झारखंड में अगले दो दिनों तक लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, इसके बाद ठंड की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आएगी और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। नए साल के पहले दिन यानी 1 जनवरी 2026 को राज्य में मौसम खुशनुमा रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दो से तीन दिनों तक सुबह के समय कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है, जिससे कनकनी बनी रहेगी। दिन के समय मौसम शुष्क रहेगा और धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिलेगी।

शनिवार को राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटों में 0.9 डिग्री की बढ़ोतरी दर्शाता है। रांची के ग्रामीण क्षेत्र कांके में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री रहा। अन्य जिलों में गुमला में 3.6 डिग्री, खूंटी में 4.7 डिग्री, लोहरदगा में 5.2 डिग्री, लातेहार में 8.0 डिग्री, मेदिनीनगर में 5.5 डिग्री, बोकारो में 8.5 डिग्री, चाईबासा में 8.8 डिग्री और जमशेदपुर में 10.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। कोडरमा एकमात्र जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा।

घने कोहरे के कारण रांची में दृश्यता घटकर 800 मीटर और देवघर में 700 मीटर तक रह गई। राज्य के 23 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे रिकॉर्ड किया गया है।

लगातार शीतलहर और कोहरे के चलते आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सुबह आठ बजे तक कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहता है, जिससे स्कूली बच्चों, कामकाजी लोगों और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दिनभर पछुआ हवा चलने से ठंड का असर और बढ़ गया है।

सुबह और शाम के समय लोग घरों से बाहर निकलने से कतराने लगे हैं। शाम ढलते ही बाजार और चौक-चौराहों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं, हालांकि साफ आसमान और धूप निकलने से दिन में कुछ राहत महसूस की जा रही है।

Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More