News Saga Desk
झारखंड में इन दिनों मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कभी ठंड से राहत मिल रही है तो कभी सुबह-शाम ठंड का असर फिर बढ़ जाता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है।
गणतंत्र दिवस, 26 जनवरी को झारखंड के मौसम की बात करें तो सुबह के समय राज्य के कई हिस्सों में कोहरा छाया रह सकता है। खासकर ग्रामीण और खुले इलाकों में दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा धीरे-धीरे छंट जाएगा और आसमान साफ हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, इस दिन पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और बारिश के कोई आसार नहीं हैं।
दूसरी ओर, उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से कई राज्यों में बारिश हो रही है और ठंड बढ़ गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में इस मौसम प्रणाली का असर झारखंड पर भी पड़ सकता है। 26 जनवरी को उत्तर भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के बनने की संभावना जताई गई है, जिसके बाद झारखंड के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 29 और 30 जनवरी को झारखंड में सुबह के समय कोहरा छाए रहने और दिन के समय आंशिक रूप से बादल रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में मामूली गिरावट या उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है।
तापमान के आंकड़ों की बात करें तो शनिवार को रांची का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटों में 2.4 डिग्री की बढ़ोतरी को दर्शाता है। वहीं कांके में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य में चाईबासा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतने को कहा गया है।
No Comment! Be the first one.