आईआईएम रांची में झारखंड के पहले जेन-Z पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन, युवाओं के लिए बना पोस्ट कैफे और अनुभव केंद्र

News Saga Desk

रांची। डाक विभाग की एक अभिनव और दूरदर्शी पहल के तहत आईआईएम रांची परिसर में झारखंड राज्य के पहले जेन-Z पोस्ट ऑफिस (पोस्ट कैफे) का भव्य उद्घाटन किया गया। यह परियोजना युवाओं को केंद्र में रखकर तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य जेन-Z पीढ़ी को आधुनिक, डिजिटल और अनुभवात्मक तरीके से डाक सेवाओं से जोड़ना है। यह पहल माननीय केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

जेन-Z पोस्ट ऑफिस का औपचारिक उद्घाटन झारखंड डाक परिमंडल के निदेशक श्री राम विलास चौधरी, आईआईएम रांची के शासी मंडल के सदस्य श्री ओम प्रकाश सिंघानिया और आईआईएम रांची के निदेशक प्रो. दीपक श्रीवास्तव के संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद रिबन काटकर राज्य के पहले जेन-Z पोस्ट ऑफिस का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर डाक विभाग की ओर से वरिष्ठ डाक अधीक्षक रांची मंडल श्री रूपक कुमार सिन्हा, वरिष्ठ डाकपाल रांची जीपीओ श्री दिवाकर कुमार, डीएसपी (मुख्यालय) श्री संजय मिंज, सहायक डाक अधीक्षक (दक्षिण) श्री अमर वर्मा, उप डाक निरीक्षक सुश्री पूजा पांडेय (उत्तर), श्री सिकंदर प्रधान (पूर्व) और मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव श्री संदीप कुमार महतो सहित डाक विभाग व आईआईएम रांची के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

नवस्थापित जेन-Z पोस्ट ऑफिस को पिन कोड 834017 आवंटित किया गया है, जिससे आईआईएम रांची क्षेत्र को तेज, सुव्यवस्थित और सुदृढ़ डाक सेवाओं की सुविधा मिलेगी। यह पोस्ट ऑफिस केवल एक पारंपरिक डाकघर नहीं है, बल्कि इसे पोस्ट कैफे और अनुभव केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इसका आधुनिक और युवा-अनुकूल इंटीरियर, क्रिएटिव वॉल आर्ट, डिजिटल डिस्प्ले और कैफे-स्टाइल बैठने की व्यवस्था युवाओं को संवाद, नवाचार और रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करती है।

यहां स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड पोस्ट, पार्सल सेवाएं, फिलैटली, डाक बचत योजनाएं, बीमा सेवाएं और ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स सहित सभी प्रमुख डाक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जेन-Z की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजिटल भुगतान, क्यूआर-कोड आधारित सेवाएं, ऑनलाइन ट्रैकिंग और इंटरैक्टिव सूचना प्रणाली को भी शामिल किया गया है।

अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि यह पहल डाक विभाग को युवाओं के और करीब लाने की दिशा में एक अहम कदम है। जेन-Z पोस्ट ऑफिस आने वाले समय में नवाचार, स्टार्ट-अप सोच और रचनात्मक संवाद का एक मजबूत मंच बनेगा और “नए भारत के लिए नई डाक” की अवधारणा को साकार करेगा। आईआईएम रांची परिसर में स्थापित यह पोस्ट कैफे भविष्य में राज्य के अन्य शैक्षणिक संस्थानों के लिए भी एक मॉडल के रूप में कार्य करेगा।

Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More