युवा और संघर्षशील नेता को झामुमो का समर्थन, सुजीत आनंद विजय कुजूर होंगे रांची मेयर के उम्मीदवार

News Saga Desk

रांची: झारखंड में चल रहे शहरी निकाय चुनाव के अंतिम चरण में रांची मेयर पद के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने सुजीत आनंद विजय कुजूर को पार्टी समर्थित उम्मीदवार के रूप में घोषित कर दिया। कांग्रेस और झामुमो के बीच कोई अंतिम सहमति नहीं बन पाई, जिसके बाद झामुमो ने अपने वरिष्ठ नेताओं की बैठक में उम्मीदवार का फैसला किया।

झामुमो के वरिष्ठ नेता और रांची जिलाध्यक्ष मुस्ताक आलम ने बताया कि पार्टी ने युवा, संघर्षशील और अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाले नेता को अपना समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि सुजीत आनंद विजय कुजूर 2016 में झामुमो में शामिल हुए थे और पार्टी ने उनके जनहित के मुद्दों पर किए गए संघर्ष को देखते हुए उन्हें मेयर पद का उम्मीदवार बनाया।

रामशरण तिर्की पिछड़ गए

1977 से झारखंड आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले और खुद को दिशोम गुरु का शिष्य बताने वाले रामशरण तिर्की इस बार पार्टी नेतृत्व का भरोसा जीतने में सफल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अनुभव और आंदोलन के महत्व के बावजूद युवा चेहरा को प्राथमिकता दी। रामशरण तिर्की ने अपना नाम वापस ले लिया, हालांकि उनके समर्थकों में निराशा है।

मेयर पद के लिए झामुमो के अन्य उम्मीदवार

रांची मेयर पद के लिए झामुमो से कुल छह उम्मीदवारों ने नामांकन किया था, जिनमें शामिल थे:

सुजीत कुमार कुजूर

कैटरीना तिर्की

रामशरण तिर्की

वीरू तिर्की

अजीत लकड़ा

सुजीत आनंद विजय कुजूर

सभी उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए थे। शुक्रवार को पार्टी की ओर से सुजीत आनंद विजय कुजूर को अंतिम उम्मीदवार घोषित किया गया और बाकी पांच उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस ले लिया।

Read More News

Read More