जस्टिस सूर्यकांत होंगे देश के अगले मुख्य न्यायाधीश

CJI भूषण रामकृष्ण गवई ने केंद्र को सौंपी उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश

News Saga Desk

नई दिल्ली। भारत के मुख्य न्यायाधीश भूषण रामकृष्ण गवई ने केंद्र सरकार से जस्टिस सूर्यकांत को देश का अगला मुख्य न्यायाधीश (CJI) नियुक्त करने की सिफारिश की है। जस्टिस गवई के 23 नवंबर को सेवानिवृत्त होने के बाद, 24 नवंबर को जस्टिस सूर्यकांत देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाल सकते हैं।

न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के सूत्रों के अनुसार, मौजूदा CJI ने यह सिफारिश केंद्रीय कानून मंत्रालय को भेज दी है। जस्टिस सूर्यकांत वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट के दूसरे सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश हैं। उन्हें 24 मई 2019 को सुप्रीम कोर्ट के जज के रूप में नियुक्त किया गया था। यदि उनकी नियुक्ति होती है, तो वे करीब 1 वर्ष 2 महीने तक CJI के पद पर रहेंगे। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष निर्धारित है।

कैसे चुने जाते हैं भारत के मुख्य न्यायाधीश

परंपरा के अनुसार, मौजूदा मुख्य न्यायाधीश के सेवानिवृत्त होने से लगभग एक माह पहले, केंद्रीय कानून मंत्रालय उनसे उनके उत्तराधिकारी के नाम की सिफारिश करने के लिए कहता है। मौजूदा CJI अपने उत्तराधिकारी का नाम प्रस्तावित करते हैं, जिसे सरकार की मंजूरी मिलने के बाद औपचारिक रूप से नियुक्त किया जाता है। इस प्रक्रिया से लगभग निश्चित हो जाता है कि देश का अगला CJI कौन होगा।

कौन हैं जस्टिस सूर्यकांत

जस्टिस सूर्यकांत का जन्म हरियाणा के हिसार में हुआ था। उन्होंने वर्ष 1981 में हिसार के गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज से स्नातक और वर्ष 1984 में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की। इसी वर्ष उन्होंने हिसार जिला अदालत से वकालत की शुरुआत की।

एक वर्ष बाद वे पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करने लगे और वर्ष 2004 में वहीं न्यायाधीश नियुक्त हुए। इसके बाद वर्ष 2018 में उन्हें हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। 24 मई 2019 को उन्हें सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश बनाया गया।

इस नियुक्ति के बाद जस्टिस सूर्यकांत न्यायपालिका के सर्वोच्च पद पर पहुंचने वाले हरियाणा से पहले व्यक्ति होंगे। उनकी पहचान एक सख्त, निष्पक्ष और संवेदनशील न्यायाधीश के रूप में की जाती है, जिन्होंने कई महत्वपूर्ण जनहित याचिकाओं और सामाजिक मुद्दों पर ऐतिहासिक निर्णय दिए हैं।

Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More