News Saga Desk
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जनता दरबार से जुड़े दो वीडियो साझा किए हैं, जो अब चर्चा में हैं. इन वीडियो में आम लोगों को अपनी समस्याओं का समाधान मिलने के बाद प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए देखा जा सकता है.
पहले वीडियो को साझा करते हुए डीसी ने लिखा कि सोमवार को आयोजित जनता दरबार एक बार फिर त्वरित न्याय और संवेदनशील प्रशासन का सशक्त मंच साबित हुआ. इस वीडियो में अनिल उरांव और नीलम उरांव नामक दंपत्ति नजर आ रहे हैं, जो पिछले तीन वर्षों से हेहल अंचल के हेसल मौजा स्थित अपनी जमीन पर दखल दिहानी के लिए प्रयास कर रहे थे. पहले जनता दरबार में दिए गए निर्देशों का अनुपालन होने के बाद अब उन्हें उनकी जमीन पर दखल मिल गया, जिसके लिए दंपत्ति ने डीसी से मुलाकात कर धन्यवाद दिया.
दूसरे वीडियो में जनता दरबार की संवेदनशीलता की एक और तस्वीर सामने आई. डीसी ने बताया कि जहां एक ओर वर्षों से परेशान दंपत्ति को समाधान मिला, वहीं दूसरी ओर एक निराश्रित महिला के चेहरे पर भी इंसाफ मिलने से मुस्कान लौट आई. अनिल उरांव और नीलम उरांव सुबह से शाम तक जनता दरबार में डीसी से मिलने के लिए इंतजार करते रहे और करीब शाम 7:30 बजे उनकी मुलाकात हो सकी.
वीडियो में महिला को उपायुक्त को धन्यवाद देते हुए देखा जा सकता है. यह वीडियो प्रशासन की कार्यशैली और जनता दरबार की प्रभावशीलता को दर्शाता है, जहां आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है.
No Comment! Be the first one.