कल्पना सोरेन ने वैश्विक मंच पर रखा झारखंड का महिला-केंद्रित और सतत विकास मॉडल

News Saga Desk

विश्व आर्थिक मंच (WEF) की वार्षिक बैठक के दौरान झारखंड सरकार की ओर से झारखंड पवेलियन में एक उच्च स्तरीय पैनल चर्चा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के महिला अधिकारिता वर्टिकल के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने, विकास की गति तेज करने और सतत अर्थव्यवस्था के निर्माण पर विस्तृत विमर्श किया गया।

पैनल चर्चा में झारखंड विधानसभा की सदस्य एवं महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष कल्पना मुर्मू सोरेन ने राज्य के महिला-केंद्रित विकास विजन को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि झारखंड का विकास मॉडल आदिवासी और स्वदेशी मूल्यों पर आधारित है, जहां जल, जंगल और जमीन के साथ संबंध केवल उपयोग का नहीं, बल्कि संरक्षण और जिम्मेदारी का है।

कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि आदिवासी और ग्रामीण महिलाएं लंबे समय से परिवार और स्थानीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ रही हैं। उन्होंने महिलाओं के अदृश्य श्रम को समाज और अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव बताते हुए इसे उचित पहचान और सम्मान देने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड का दृष्टिकोण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं की गरिमा, आत्मनिर्भरता और अवसरों को सशक्त करने पर केंद्रित है। राज्य की नीतियां विशेष रूप से गृहिणियों और अनौपचारिक क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं के आत्मविश्वास और क्षमताओं को बढ़ाने के लिए तैयार की गई हैं।

स्वयं सहायता समूहों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के माध्यम से संचालित महिला समूह स्थानीय उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण और छोटे उद्यमों के जरिए महिलाओं में नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता विकसित कर रहे हैं।

कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड का शासन मॉडल संसाधनों से अधिक लोगों को और आर्थिक आंकड़ों से अधिक जीवन की गुणवत्ता को प्राथमिकता देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि जब महिलाएं सामाजिक, आर्थिक और शारीरिक रूप से सशक्त होंगी, तब वे न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के सतत विकास की मजबूत आधार बनेंगी।

अंत में उन्होंने वैश्विक भागीदारों से झारखंड के साथ जुड़ने और महिला नेतृत्व वाले इस विकास मॉडल को निकट से देखने का आह्वान किया।

Read More News

Read More