लांजी ब्लास्ट का आरोपी केरल से गिरफ्तार, तीन जवानों की शहादत वाले केस में बड़ी सफलता

रांची। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने झारखंड के चर्चित लांजी ब्लास्ट मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार नक्सली सावन उर्फ सबन टूटी को केरल से गिरफ्तार किया है। एनआईए की टीम ने उसे केरल के इडुक्की जिले के मुन्नार इलाके से पकड़ा। गिरफ्तार नक्सली झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले का रहने वाला है और वर्ष 2021 से फरार चल रहा था। उसके पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

ब्लास्ट में तीन जवान हो गए थे शहीद

चाईबासा जिले के टोकलो थाना क्षेत्र के लांजी गांव स्थित पहाड़ी क्षेत्र में बीती चार मार्च 2021 को आईईडी विस्फोट में झारखंड जगुआर के तीन जवान शहीद हो गए थे. गौरतलब है कि चाईबासा जिले के टोकलो थाना क्षेत्र लांजी पहाड़ी पर नक्सलियों ने पुलिस जवानों पर हमला कर दिया था. इस ब्लास्ट में नए तरीके अपनाए थे.

घटना के बाद इस केस की जांच एनआईए ने अपने हाथों में ली थी और टोकलो थाना में दर्ज प्राथमिकी को आरसी-02/2021 के रूप में टेकओवर किया था। जांच के दौरान एनआईए ने एक करोड़ के इनामी नक्सली अनल दा उर्फ पतिराम मांझी समेत 33 नक्सलियों को नामजद आरोपी बनाया, जिनमें सावन टूटी की भूमिका अहम पाई गई थी।

एनआईए की इस गिरफ्तारी से लांजी ब्लास्ट केस में एक महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि केरल में छिपा सावन टूटी नक्सली संगठन के लिए किस तरह की गतिविधियां संचालित कर रहा था।

किस किस को बनाया आरोपी

एनआईए ने इस मामले में एक करोड़ के इनामी माओवादी अनल दा उर्फ पतिराम मांझी, महाराजा प्रमाणिक, आपतन मांझी, चंपा, भुवनेश्वर, मेरिना सिरका, निर्मल, विमला लोहरा, रेला माला, सूरज सरदार, सुनिया मुंडा, सुनीता, सरिता, गीता, मनोज मुंडा, जयंती, रोशन बोडरा, सोर्तो , सुखराम रमताई, बुधराम मुंडा, संजू , सूरज, मांगकर मुंडा, सुली कंडिर, हनुक हेंब्रम, केंड्रा, नोबेल, संतोष उरांव, एतवा मुंडू, गुरुदयाल, बेंगाली, दरियाल और सावन टूटी को आरोपी बनाया है. इसके अलावा एनआईए ने 20 – 25 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया है.

Read More News

Read More