लातेहार: छात्रा की खुदकुशी के बाद परिजनों का आरोप– शिक्षक की प्रताड़ना बनी वजह

News Saga Desk

लातेहार। लातेहार के सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में आठवीं कक्षा की छात्रा ने शुक्रवार रात फांसी लागाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में सन्नाटा और आक्रोश दोनों फैल गया है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल का एक शिक्षक छात्रा को लगातार प्रताड़ित करता था, जिससे तंग आकर छात्रा ने यह कदम उठाया। 

छात्रा के परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी ने कई बार बताया था कि स्कूल में एक शिक्षक उसके साथ गलत व्यवहार करता है और मानसिक रूप से उसे प्रताड़ित करता है। परिजनों ने इस बात की शिकायत स्कूल में भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। शनिवार सुबह जब गांव में घटना की जानकारी फैली, तो बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए औऱ विरोध प्रदर्श करने लगे। लोगों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हालांकि, शिक्षक शनिवार को स्कूल नहीं आया था। 

घटना की सूचना मिलने के बाद भुसूर पंचायत के मुखिया सुरेंद्र भगत और अन्य लोग भी स्कूल पहुंचे। मुखिया ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच हो और जो भी दोषी हो, उसे बख्शा न जाए। लातेहार थाना प्रभारी सुरेंद्र महतो ने बताया कि शुक्रवार रात ही घटना की जानकारी पुलिस को मिली। छात्रा का शव पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है औऱ जल्द ही सच्चाई सामने आई जाएगी। 


Read More News

Read More