News Saga Desk
धनबाद के सोनारडीह में हुए भूधसान के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। सदर अनुमंडल दंडाधिकारी (SDM) लोकेश बारंगे के नेतृत्व में अवैध कोयला खनन और उससे जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया। इस दौरान एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी कर अवैध खनन पर कड़ा प्रहार किया गया।
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने संभाली कमान
इस अभियान में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने हिस्सा लिया। माइनिंग विभाग के अधिकारियों के साथ बाघमारा अंचल अधिकारी गिरजनंद किस्कू भी मौजूद रहे। इसके अलावा बीसीसीएल कतरास क्षेत्र के महाप्रबंधक सुधाकर प्रसाद, उमंग ठक्कर, अशोक कुमार और प्रेम शर्मा भी अभियान में शामिल थे। कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और तेतुलमारी थाना प्रभारी विवेक चौधरी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर छापेमारी
SDM के निर्देश पर गजली टांड, रामकनाली के सूर्य मंदिर क्षेत्र और तेतुलमारी के खास सिजुआ सहित आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान अवैध रूप से निकाले गए कोयले और खनन में प्रयुक्त वाहनों को जब्त किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अवैध खनन स्थलों को तत्काल बंद करने के निर्देश
SDM लोकेश बारंगे ने मौके पर अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां-जहां अवैध खनन के मुहाने हैं, उन्हें तुरंत भरवाया जाए। साथ ही हर कार्रवाई की फोटो और वीडियो के साथ विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जमा करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शत-प्रतिशत परिणाम सुनिश्चित करना होगा।
भूधसान के बाद तेज हुआ अभियान
सोनारडीह में हुए भूधसान के बाद प्रशासन की सख्ती और बढ़ गई है। इस घटना ने अवैध खनन के खतरों को उजागर किया है, जिसके मद्देनजर लगातार अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रही, तो क्षेत्र में अवैध खनन पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है।
No Comment! Be the first one.