बिहार में बड़ी कार्रवाई, बैंक अधिकारी भवेश कुमार सिंह के 6 ठिकानों पर EOU की छापेमारी

News Saga Desk

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एक बड़ी कार्रवाई शुरू की है। पाटलिपुत्रा सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के विकास पदाधिकारी भवेश कुमार सिंह के पटना और गोपालगंज स्थित छह ठिकानों पर आज एक साथ छापेमारी की जा रही है। जांच में उनके पास 60.68% आय से अधिक संपत्ति पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया।

EOU की टीम ने कोर्ट से तलाशी वारंट लेने के बाद सुबह से ही कई ठिकानों पर रेड शुरू कर दी। पटना स्थित रामजयपाल नगर के किराये के फ्लैट में पहली छापेमारी की गई, जहां टीम दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा की जांच में जुटी है।

पेट्रोल पंप और राइस मिल भी जांच के दायरे में

भवेश कुमार सिंह के आवास के साथ-साथ उनके पेट्रोल पंप और जय माता दी राइस मिल पर भी छापेमारी की जा रही है। गोपालगंज स्थित पैतृक आवास और पाटलिपुत्रा सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के एसपी वर्मा रोड कार्यालय को भी जांच के दायरे में लिया गया है।

इन 6 ठिकानों पर हुई छापेमारी

  • पटना: रामजयपाल नगर स्थित किराये का फ्लैट
  • पटना: जकरियापुर मोहल्ला, कृष्णा निकेतन स्कूल के पास गैस गोदाम गली
  • गोपालगंज: पैतृक आवास
  • गोपालगंज: भावना पेट्रोलियम, विशम्भरपुर
  • जय माता दी राइस मिल
  • पाटलिपुत्रा सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक, एसपी वर्मा रोड

इन सभी जगहों से कागजात, लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामग्री खंगाली जा रही है।

ईओयू की टीम जुटा रही महत्वपूर्ण दस्तावेज

सूत्रों के अनुसार, EOU की टीम सभी ठिकानों से आवश्यक दस्तावेजों को जब्त कर रही है। हालांकि, छापेमारी में क्या-क्या बरामद हुआ है, इस बारे में विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी। अचानक हुई कार्रवाई से संबंधित कार्यालयों और ठिकानों पर हड़कंप मच गया है।

Read More News

Read More