रांची में ईडी दफ्तर को लेकर बड़ा विवाद: पूछताछ के दौरान मारपीट के आरोप, पुलिस जांच में जुटी

News Saga Desk

रांची से इस समय एक बेहद संवेदनशील और सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के रांची स्थित कार्यालय में पूछताछ के दौरान कथित रूप से शारीरिक उत्पीड़न किए जाने के आरोपों ने हड़कंप मचा दिया है। आरोप सामने आने के बाद एयरपोर्ट थाना की पुलिस टीम ईडी कार्यालय पहुंची और मौके पर जांच पड़ताल शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक, पेयजल विभाग में कार्यरत क्लर्क संतोष कुमार नामक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि ईडी दफ्तर में पूछताछ के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। उनका दावा है कि दबाव बनाकर बयान दिलाने की कोशिश की गई और इसी दौरान उनके साथ मारपीट हुई, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।

इस संबंध में एयरपोर्ट थाना में मामला दर्ज कराया गया है। दर्ज शिकायत में कहा गया है कि 12 जनवरी को ईडी कार्यालय में पूछताछ के दौरान संतोष कुमार पर कथित रूप से अपराध स्वीकार करने का दबाव बनाया गया। शिकायत में ईडी के अधिकारियों प्रतीक और शुभम पर शारीरिक हिंसा करने के आरोप लगाए गए हैं।

मामला दर्ज होते ही रांची पुलिस हरकत में आ गई और जांच के लिए ईडी कार्यालय पहुंची। पुलिस टीम कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, पूछताछ से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है और वहां मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ कर अहम जानकारियां इकट्ठा कर रही है।

फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है और प्रशासन इसे बेहद गंभीरता से ले रहा है। ईडी कार्यालय के भीतर हुई कथित घटना को लेकर पुलिस की जांच तेज है और आने वाले समय में इस मामले में कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Read More News

Read More