जमशेदपुर में बड़ी वारदात से पहले पुलिस की कार्रवाई, हथियारों के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

NEWS SAGA DESK

जमशेदपुर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम कर दिया। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के संजय नगर नाला के पास गंभीर अपराध की योजना बना रहे तीन अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परसूडीह निवासी मोहम्मद वाजिद (20), मकदमपुर निवासी मोहम्मद राज (19) और मोहम्मद समीर (20) के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से संजय नगर नाला के पास एकत्रित हुए हैं।

सूचना के आधार पर गठित विशेष पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी कर तीनों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और लोहे का धारदार चापड़ बरामद किया गया।

मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशिश ने बताया कि 15 दिसंबर की शाम मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई की गई, जिससे एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को रोका जा सका। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल सभी को जेल भेज दिया गया है और उनके नेटवर्क व अन्य संभावित साथियों की तलाश में जांच जारी है।

Read More News

Read More