News Saga Desk
गुमला। गुमला पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन जेजेपीएम (JJMP) से जुड़े कुख्यात नक्सली फिरोज अंसारी को भारी मात्रा में कारतूस और एक हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है। फिरोज अंसारी झारखंड सरकार द्वारा 5 लाख का इनामी नक्सली था।
गुमला के एसपी ने मंगलवार को एक प्रेस वार्ता में बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि बिशुनपुर थाना क्षेत्र के घाघरा जंगल में JJMP का सुप्रीमो रवींद्र यादव अपने साथियों के साथ सक्रिय है। सूचना के आधार पर सीडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन कर जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। सर्च अभियान के दौरान जब पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी की, तो वहां मौजूद नक्सली भागने लगे। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान फिरोज अंसारी के रूप में हुई, जो लंबे समय से गुमला, लोहरदगा और लातेहार जिलों में नक्सली गतिविधियों में सक्रिय रहा है। एसपी ने बताया कि फिरोज अंसारी पूर्व में कई आपराधिक मामलों में वांटेड रहा है। उसकी गिरफ्तारी को उन्होंने न केवल गुमला पुलिस, बल्कि पूरे झारखंड पुलिस के लिए एक अहम उपलब्धि बताया है। पुलिस को उसके पास से एक हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस भी बरामद हुए हैं।
No Comment! Be the first one.