ममता बनर्जी का 71वां जन्मदिन: पीएम मोदी, राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं

News Saga Desk

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी सोमवार, 5 जनवरी को अपना 71वां जन्मदिन मना रही हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत देश के कई राजनीतिक नेताओं और लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ममता बनर्जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। उन्होंने लिखा, “पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता दीदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।”

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी ममता बनर्जी को बधाई दी। उन्होंने कहा, “ममता दीदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। आपके खुशहाल, स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना करता हूं।”

ममता बनर्जी का जन्म 5 जनवरी 1955 को कोलकाता में हुआ था। वह अब तक तीन बार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं और राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री बनने का गौरव भी उन्हें ही प्राप्त है। हालांकि, जन्मतिथि को लेकर एक दिलचस्प तथ्य भी सामने आता है। उनकी पुस्तकों में जन्मतिथि 5 जनवरी दर्ज है, लेकिन ममता बनर्जी ने स्वयं अपनी एक किताब में लिखा है कि उन्होंने अपनी मां से सुना था कि उनका जन्म दुर्गा पूजा के दौरान हुआ था।

ममता बनर्जी ने राजनीति के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके पास बीए, बीएड, कानून और एमए की डिग्रियां हैं। छात्र जीवन के दौरान ही उन्होंने राजनीति में कदम रख दिया था और जोगमाया देवी कॉलेज में पढ़ाई के समय छात्र परिषद से जुड़ गई थीं।

1984 में उन्होंने जादवपुर लोकसभा सीट से जीत दर्ज कर राष्ट्रीय राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। इसके बाद वह दक्षिण कोलकाता सीट से कई बार सांसद चुनी गईं और केंद्र सरकार में रेल मंत्री, कोयला व खान मंत्री तथा युवा व खेल राज्य मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य कर चुकी हैं।

2011 में ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में वाममोर्चा के 34 साल पुराने शासन का अंत कर इतिहास रच दिया। 20 मई 2011 को उन्होंने राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और तब से लगातार तीसरी बार राज्य की कमान संभाल रही हैं।

राजनीति के अलावा ममता बनर्जी साहित्य और कला में भी गहरी रुचि रखती हैं। वह एक प्रसिद्ध कवयित्री और चित्रकार हैं। अब तक वह 5,000 से अधिक पेंटिंग्स बना चुकी हैं, जिनमें से कई की नीलामी की गई है। नीलामी से प्राप्त राशि को उन्होंने सामाजिक और विकास कार्यों के लिए दान किया है। इसके अलावा, उन्होंने अंग्रेजी और बंगाली भाषाओं में 20 से अधिक किताबें भी लिखी हैं।

Read More News

Read More