रांची नगर निकाय चुनाव: मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो ने जारी किया संकल्प पत्र, भाजपा नेताओं की मौजूदगी में विकास का वादा

News Saga Desk

झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। रांची में मेयर पद की भाजपा समर्थित प्रत्याशी रोशनी खलखो ने आज अपना संकल्प पत्र जारी किया। चुनाव भले ही गैर-दलीय आधार पर हो रहा हो, लेकिन सभी राजनीतिक दल अपने-अपने समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में पूरी ताकत झोंक रहे हैं।

संकल्प पत्र जारी करने के अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, रांची विधायक C. P. सिंह और महानगर अध्यक्ष वरुण साहू सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संकल्प पत्र जारी करने के बाद रोशनी खलखो ने कहा कि रांची शहर का सुव्यवस्थित और संतुलित विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि शहर के सभी वार्डों में नगर निगम की कार्यप्रणाली को स्मार्ट और पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही, आम जनता से जुड़े कार्यालयों में बिचौलियों की गतिविधियों पर रोक लगाने का भी आश्वासन दिया।

इस दौरान संजय सेठ और दीपक प्रकाश ने नगर निगम चुनाव को लेकर राज्य सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद ही राज्य सरकार चुनाव कराने को तैयार हुई। उनके अनुसार, गैर-दलीय आधार पर चुनाव कराना और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की जगह बैलेट पेपर से मतदान कराना राज्य सरकार की नीयत पर सवाल खड़े करता है।

नेताओं ने रांची की जनता से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की, ताकि साफ-सुथरी और स्वच्छ छवि के उम्मीदवारों के माध्यम से नगर निगम में बेहतर नेतृत्व स्थापित हो सके। वहीं रांची विधायक सी.पी. सिंह ने भी मेयर पद की प्रत्याशी रोशनी खलखो के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

Read More News

रांची नगर निकाय चुनाव: मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो ने जारी किया संकल्प पत्र, भाजपा नेताओं की मौजूदगी में विकास का वादा

झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। रांची में मेयर पद की भाजपा समर्थित...

Read More