News Saga Desk
रांची: डोरंडा थाना क्षेत्र में मर्सिडीज कार और बुलेट बाइक की टक्कर का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद और बढ़ गया। बीती रात करीब 11 बजे दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करा दी।
घटना मछली घर चौक के पास हुई
यह घटना सुबह करीब 10:15 बजे मछली घर, देवेंद्र माझी चौक के पास हुई। जानकारी के अनुसार, मर्सिडीज कार (जेएच-01 एफएम) चला रहे मनोज टंडन, जो झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता और पूर्व अपर महाधिवक्ता हैं, की कार की टक्कर बुलेट बाइक से हो गई। बुलेट पर हिंदपीढ़ी निवासी मवाज खान सवार था।
वायरल वीडियो से विवाद ने पकड़ा तूल
बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो मवाज खान ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड किया, जो दिनभर सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा। हालांकि पुलिस ने वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वीडियो सामने आने के बाद दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।
अधिवक्ता ने बताया अपना पक्ष
मनोज टंडन के अनुसार, वह झारखंड हाईकोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान बुलेट सवार युवक ने ओवरटेक किया और बाइक कार के बाएं हिस्से से टकरा गई। उनका आरोप है कि टक्कर के बाद युवक ने पैसे की मांग की और कार के सामने खड़ा हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि युवक कार के बोनट पर चढ़ गया और मौके पर भीड़ जमा हो गई। अपनी सुरक्षा को देखते हुए उन्होंने वाहन आगे बढ़ाया, लेकिन युवक बोनट से नहीं उतरा। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें थाने ले जाया गया।
दिनभर चलता रहा समझौते का प्रयास
मामला डोरंडा थाना पहुंचने के बाद दिनभर दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास होता रहा। हालांकि देर रात दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर वाहन से टक्कर मारने और अन्य आरोप लगाते हुए अलग-अलग FIR दर्ज करा दी।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। फिलहाल मामला कानूनी प्रक्रिया में है और दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर कायम हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कौन था।
No Comment! Be the first one.