News Saga Desk
कोलकाता। अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी के बहुप्रचारित कोलकाता दौरे के दौरान शनिवार को साल्ट लेक स्थित विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में भारी हंगामा हो गया। दर्शकों की नाराजगी इस कदर बढ़ी कि कार्यक्रम को तय समय से पहले ही समाप्त करना पड़ा और मेस्सी को भी स्टेडियम छोड़कर लौटना पड़ा। कुछ घंटों तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि बाद में स्थिति पर काबू पा लिया गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आयोजक को गिरफ्तार कर लिया है और कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
यह मेस्सी की 2011 के बाद साल्ट लेक स्टेडियम में पहली मौजूदगी थी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, अभिनेता शाहरुख खान और पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली के शामिल होने की भी घोषणा की गई थी। लेकिन स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों को मेस्सी की एक झलक तक साफ तौर पर नहीं मिल सकी, जिससे उनका गुस्सा भड़क उठा।
क्यों नाराज हुए प्रशंसक
मेस्सी अपने साथी खिलाड़ियों लुईस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल के साथ सुबह करीब 11.30 बजे स्टेडियम पहुंचे। मैदान पर उतरते ही वे आयोजकों, सुरक्षा कर्मियों और वीआईपी मेहमानों के कड़े घेरे में आ गए। आम दर्शक गैलरी से उन्हें ठीक से देख नहीं पाए। कई लोगों का कहना है कि विशाल स्क्रीन पर भी मेस्सी साफ नजर नहीं आ रहे थे। जैसे ही यह स्पष्ट हुआ कि मेस्सी स्टेडियम का पूरा चक्कर नहीं लगाएंगे, ‘वी वांट मेस्सी’ के नारे तेज हो गए। कुछ ही देर में मेस्सी तय समय से पहले ही मैदान छोड़कर निकल गए।
मेस्सी के जाते ही भड़का हंगामा
मेस्सी के लौटने की खबर फैलते ही दर्शकों का गुस्सा फूट पड़ा। स्टेडियम में बोतलें और प्लास्टिक की कुर्सियां फेंकी गईं, बैनर और होर्डिंग्स फाड़ दिए गए तथा कई जगह बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की गई। सैकड़ों लोग मैदान में उतर आए और अस्थायी टेंट व उपकरणों को नुकसान पहुंचाया गया।
महंगे टिकट, फिर भी निराशा
प्रशंसकों का आरोप है कि उन्होंने 4,500 से 10,000 रुपये तक के टिकट खरीदे थे, लेकिन मेस्सी को ठीक से देख भी नहीं पाए। एक नाराज दर्शक ने कहा कि लोग अपनी एक महीने की कमाई खर्च कर यहां पहुंचे थे, लेकिन न तो पानी की व्यवस्था थी और न ही कार्यक्रम का सही संचालन।
ऑर्गनाइजर गिरफ्तार, जांच शुरू
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर जावेद शमीम ने बताया कि हालात अब सामान्य हैं। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर मुख्य आयोजक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आयोजकों ने टिकट का पैसा वापस करने का भरोसा दिया है और इसकी प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है।
ममता बनर्जी ने जताया दुख
घटना के कुछ घंटों बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कुप्रबंधन पर गहरा दुख जताते हुए उच्चस्तरीय जांच समिति के गठन की घोषणा की। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मेस्सी और प्रशंसकों से माफी मांगी और कहा कि इस तरह की अव्यवस्था बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
राजनीति भी गरमाई
घटना के बाद भाजपा ने टीएमसी सरकार और आयोजकों पर निशाना साधा। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पैसों की लालसा और कुप्रबंधन के कारण राज्य की छवि को नुकसान पहुंचा है। पार्टी ने इस पूरे मामले के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
No Comment! Be the first one.