News Saga Desk
रांची लोकसभा क्षेत्र में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का समापन समारोह 25 दिसंबर को होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर एनडीए शासित सभी लोकसभा क्षेत्रों की तरह रांची में भी इस खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। रांची के सांसद एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मंगलवार को रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी।
संजय सेठ ने बताया कि रांची संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत अगस्त महीने में हुई थी, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लिया। समापन समारोह के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के खिलाड़ियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करेंगे। इसके साथ ही टू-वे सिस्टम के जरिए वे खिलाड़ियों से सीधा संवाद भी करेंगे। रांची लोकसभा क्षेत्र से दो खिलाड़ियों का चयन प्रधानमंत्री से बातचीत के लिए किया गया है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत रांची में सुबह 9:30 बजे होगी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुबह 11 बजे प्रस्तावित है। समापन समारोह में विभिन्न टीमों और खिलाड़ियों को खेल सामग्री भी प्रदान की जाएगी।
सांसद संजय सेठ ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव के तहत रांची संसदीय क्षेत्र से फुटबॉल की कुल 147 टीमों ने हिस्सा लिया। उन्होंने विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
प्रेस वार्ता के दौरान संजय सेठ ने इस आयोजन को युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा।
No Comment! Be the first one.