पर्यटन प्रचार में नई पारी खेलेंगे एमएस धोनी, बनेंगे झारखंड पर्यटन के ब्रांड एंबेसडर

News Saga Desk

झारखंड के लिए एक बड़ी और सकारात्मक खबर सामने आई है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और रांची निवासी महेंद्र सिंह धोनी को झारखंड पर्यटन विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसे लेकर झारखंड सरकार और एमएस धोनी के बीच जल्द ही समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।

29 जनवरी को मुख्यमंत्री से हुई थी मुलाकात

इससे पहले 29 जनवरी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने लंदन से लौटने के बाद रांची में एमएस धोनी से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा था— “माही से अचानक मिलना हुआ।” इस मुलाकात के बाद से ही धोनी के झारखंड पर्यटन से जुड़ने की अटकलें तेज हो गई थीं।

पर्यटन विभाग ने भेजा था प्रस्ताव

झारखंड पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग की ओर से एमएस धोनी को ब्रांड एंबेसडर बनने का औपचारिक प्रस्ताव भेजा गया था। इस प्रस्ताव पर धोनी ने सैद्धांतिक सहमति जता दी है, जिसके बाद अब औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी की जा रही है।

राज्य की ब्रांड वैल्यू को मिलेगा नया आयाम

एमएस धोनी की वैश्विक लोकप्रियता को देखते हुए सरकार को उम्मीद है कि उनके जुड़ने से झारखंड की ब्रांड वैल्यू को उल्लेखनीय मजबूती मिलेगी। इससे राज्य के प्राकृतिक पर्यटन स्थल, जलप्रपात, पहाड़, वन क्षेत्र और समृद्ध आदिवासी संस्कृति को देश-दुनिया में नई पहचान मिलेगी।

प्रमुख पर्यटन स्थलों पर होगी वीडियो शूटिंग

पर्यटन विभाग की योजना के तहत झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर एमएस धोनी के साथ प्रमोशनल वीडियो शूट किए जाएंगे। इन वीडियो को डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और विभिन्न प्रचार अभियानों के माध्यम से देश-विदेश में प्रसारित किया जाएगा।

रांची के बेटे से जुड़ा भावनात्मक रिश्ता

रांची निवासी एमएस धोनी का झारखंड से गहरा भावनात्मक जुड़ाव रहा है। ऐसे में उनका झारखंड पर्यटन का चेहरा बनना न केवल राज्य के लिए रणनीतिक रूप से अहम है, बल्कि यह राज्यवासियों के लिए भी गर्व की बात मानी जा रही है।

Read More News

Read More