नगर निकाय चुनाव 2026: रांची में 650 से अधिक वाहन तैनात, प्रशासन ने तय किया किराया

News Saga Desk

रांची नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने परिवहन व्यवस्था की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव कार्य में विभिन्न श्रेणियों के 650 से अधिक वाहनों की तैनाती की जाएगी। प्रशासन ने इन वाहनों के लिए दैनिक किराया दरें भी निर्धारित कर दी हैं। चुनाव ड्यूटी में लगाए जाने वाले सभी वाहन 21 और 22 फरवरी को मोरहाबादी मैदान में जमा किए जाएंगे। इस संबंध में स्कूल प्रबंधन, वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्टरों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

मोरहाबादी मैदान में वेरिफिकेशन के लिए विशेष कार्यालय

चुनाव कार्य के लिए बस, मिनी बस, कार, जीप, ट्रक, ऑटो, टेंपो, बाइक, साइकिल और इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग किया जाएगा। मोरहाबादी मैदान में वाहनों की साइनिंग और सत्यापन के लिए विशेष कार्यालय बनाया गया है। यहीं से मतदान कर्मियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और अन्य चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। इसके अलावा, ईवीएम और अन्य चुनावी सामग्री के सुरक्षित परिवहन में भी इन्हीं वाहनों का उपयोग होगा।

सीट क्षमता के आधार पर तय हुई बसों की दरें

प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यात्री बसों का किराया उनकी सीट क्षमता के आधार पर तय किया गया है। 49 या उससे अधिक सीटों वाली बस के लिए 3530 रुपये प्रतिदिन, 33 से 48 सीटों वाली बस के लिए 2980 रुपये और 23 से 32 सीटों वाली बस के लिए 2520 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जाएगा। वहीं 14 से 22 सीटों वाली मिनी बस के लिए 1800 रुपये तथा 8 से 13 सीटों वाली मिनी बस के लिए 800 से 1400 रुपये प्रतिदिन की दर निर्धारित की गई है।

मालवाहक और हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग दरें

मालवाहक वाहनों का भुगतान भार क्षमता के अनुसार किया जाएगा। 7500 किलोग्राम तक के ट्रक को 1650 रुपये, 7500 से 12000 किलोग्राम तक की क्षमता वाले ट्रक को 2480 रुपये और 12000 किलोग्राम से अधिक भार क्षमता वाले ट्रक को 2740 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे।
कार, जीप और अन्य हल्के वाहनों के लिए भी अलग-अलग दरें तय की गई हैं। एर्टिगा, सेंट्रो, इंडिका, विंगर और फोर्ड जैसे वाहनों के लिए एसी में 1340 रुपये और नॉन-एसी में 1170 रुपये प्रतिदिन निर्धारित किए गए हैं। इनोवा के लिए एसी में 1520 रुपये और बिना एसी के 1340 रुपये प्रतिदिन की दर तय की गई है।

दोपहिया, तिपहिया और इलेक्ट्रिक वाहनों को भी प्राथमिकता

चुनाव कार्य में दोपहिया और तिपहिया वाहनों को भी शामिल किया गया है। ऑटो रिक्शा के लिए 620 रुपये, मोटरसाइकिल और स्कूटर के लिए 250 रुपये तथा साइकिल के लिए 50 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जाएगा।
इस बार इलेक्ट्रिक वाहनों को भी विशेष महत्व दिया गया है। महिंद्रा एक्सयूवी 400 ईवी, टाटा नेक्सन ईवी और टाटा टिगोर ईवी के लिए एसी में 1470 रुपये और नॉन-एसी में 1280 रुपये प्रतिदिन तय किए गए हैं। वहीं टाटा पंच ईवी और टाटा टियागो ईवी के लिए एसी में 1340 रुपये तथा नॉन-एसी में 1170 रुपये प्रतिदिन का भुगतान होगा। इलेक्ट्रिक ऑटो को 620 रुपये और ई-रिक्शा व ई-कार्ट को 400 रुपये प्रतिदिन दिए जाएंगे।

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More