नगर निकाय चुनाव: 9 बजे तक रांची में 7.28% और बुंडू में 11.74% मतदान

News saga Desk

रांची/बुंडू: नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के तहत सोमवार यानी आज राज्य के विभिन्न शहरी निकायों में मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार रांची नगर निगम क्षेत्र में 7.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जबकि बुंडू नगर पंचायत में मतदाताओं की बेहतर भागीदारी देखने को मिली है, जहां 11.74 प्रतिशत मतदान हुआ।

राज्य निर्वाचन आयोग ने दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी की उम्मीद जताई है। आयोग ने सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करने की अपील की है। मतदान सुबह 7:00 बजे से शुरू होकर शाम 5:00 बजे तक जारी रहेगा। सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

बुंडू में सुबह से दिखा उत्साह

बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र में मतदान को लेकर सुबह से ही उत्साहपूर्ण माहौल देखा गया। मतदान शुरू होने से पहले ही कई केंद्रों पर मतदाता कतार में खड़े नजर आए। प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी की गई है, ताकि पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

अध्यक्ष और 13 पार्षद पदों के लिए मतदान

बुंडू नगर पंचायत में एक अध्यक्ष और 13 वार्ड पार्षद पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। इस चुनाव में कुल 16,625 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 8,168 पुरुष और 8,457 महिला मतदाता शामिल हैं। महिला मतदाताओं की संख्या अधिक होना स्थानीय स्तर पर उनकी बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।

16 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा

चुनाव के लिए कुल 16 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 15 सामान्य और एक केंद्र को संवेदनशील घोषित किया गया है। सभी केंद्रों पर पोलिंग कर्मियों, दंडाधिकारियों और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, ताकि मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

वरिष्ठ और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था

अनुमंडल पदाधिकारी किस्टो कुमार बेसरा ने बताया कि मतदान केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। व्हीलचेयर और अलग कतार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी मतदाता को असुविधा का सामना न करना पड़े।

27 फरवरी को होगी मतगणना

प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को सुरक्षित रखा जाएगा और 27 फरवरी को मतगणना के बाद अध्यक्ष और वार्ड पार्षद पदों के परिणाम घोषित किए जाएंगे। स्थानीय स्तर पर चुनाव को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Read More News

Read More