नगर निकाय चुनाव: नामांकन प्रक्रिया ने पकड़ी रफ्तार, एक दिन में 1,280 प्रत्याशियों ने भरे पर्चे

News Saga Desk

रांची। नगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया अब तेज हो गई है। सोमवार को कुल 1,280 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। इनमें मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 106 प्रत्याशी शामिल हैं, जबकि 1,174 उम्मीदवारों ने वार्ड पार्षद पद के लिए पर्चा भरा है।

महिलाओं की बढ़ती भागीदारी

नामांकन प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ती नजर आ रही है। सोमवार को मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 44 महिलाओं ने नामांकन दाखिल किया, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए 611 महिलाओं ने पर्चा भरा। अब तक कुल मिलाकर मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 56 महिलाएं तथा वार्ड पार्षद पद के लिए 683 महिलाएं नामांकन कर चुकी हैं।
कुल नामांकन की स्थिति पर नजर डालें तो अब तक मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 129 और वार्ड पार्षद पद के लिए 1,302 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं।

4 फरवरी तक नामांकन, 7 को मिलेगा चुनाव चिह्न

राज्य निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार 4 फरवरी तक नामांकन किया जा सकेगा। ऐसे में मंगलवार और बुधवार को नामांकन की संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना है। नामांकन पत्रों की जांच 5 फरवरी को होगी, जबकि उम्मीदवार 6 फरवरी तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 7 फरवरी को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा और चुनाव प्रचार तेज हो जाएगा।

देवघर में भाजपा के दो नेताओं ने दाखिल किया नामांकन

देवघर नगर निगम में महापौर पद के लिए भाजपा की रीता चौरसिया और बाबा बलियासे दोनों ने नामांकन दाखिल किया है। हालांकि, पार्टी ने अंतिम समय में रीता चौरसिया को समर्थन देने का निर्णय लिया है। वहीं, गोड्डा नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए झामुमो समर्थित राजेश मंडल समेत तीन उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है।

कांग्रेस ने कई समर्थित उम्मीदवारों के नाम किए तय

हालांकि नगर निकाय चुनाव दलगत आधार पर नहीं हो रहा है, इसके बावजूद राजनीतिक दल अपने-अपने समर्थित उम्मीदवारों को आगे बढ़ा रहे हैं। कांग्रेस ने मेयर पद के लिए करीब आधा दर्जन उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं।
गढ़वा से पूर्व विधायक केएन त्रिपाठी की पुत्री नम्रता त्रिपाठी को पार्टी समर्थन मिलने की संभावना जताई जा रही है। जमशेदपुर से मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता का नाम लगभग तय माना जा रहा है। इसके अलावा बोकारो से उमेश गुप्ता, धनबाद से शमशेर आलम और रांची से पूर्व मेयर रमा खलखो को कांग्रेस का समर्थन मिलने का फैसला किया गया है।

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More