पटना में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या: सिर में गोली मारकर मौके पर छोड़ी बाइक, फरार हुए तीनों हमलावर

News Saga Desk

पटना। पटना में बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े बीच सड़क पर युवक आदित्य कुमार की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना, दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र के सदावह गांव की है।

मृतक की पहचान विजय सिंह के बेटे आदित्य कुमार के रूप में हुई है। घटना साेमवार सुबह की है जब आदित्य कुमार अपने घर के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन लोग आए और आदित्य पर फायरिंग कर दी। सिर में गोली लगने से घायल आदित्य को परिजन पटना ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

10 कट्ठा जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

मृतक के पिता विजय सिंह ने बताया कि 10 कट्ठा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उन्होंने गांव के ही नीतीश कुमार और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। विजय सिंह के अनुसार, आदित्य कल ही पटना से घर लौटा था। सुबह नीतीश कुमार अपने साथियों के साथ आया और जमीनी विवाद को लेकर मारपीट शुरू की। इसके बाद सिर में गोली मार दी।

मौके से अपराधियों की बाइक बरामद हुई है।

मौके से अपराधियों की बाइक बरामद हुई है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और पटना FSL की टीम मौके पर पहुंची। पटना पश्चिम सिटी SP भानु प्रताप सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल से अपराधियों की बाइक बरामद कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

घटनास्थल से अपराधियों की बाइक बरामद

पटना पश्चिम सिटी SP भानु प्रताप सिंह ने बताया कि सदावह गांव में एक युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। मृतक की पहचान आदित्य कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है। घटना के पीछे का कारण जमीनी विवाद सामने आ रहा है। पुलिस ने अपराधियों की पहचान कर ली है। फिलहाल घटना स्थल से एक बाइक को भी बरामद किया गया है जो अपराधी का बताया जा रहा है।


Read More News

Read More