News Saga Desk
दुमका। दुमका जिले मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चोरकाटा गांव में बुधवार की रात हुए वृद्ध दंपत्ति की नृशंस हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो मृतकों का दामाद निकला। रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खरवार ने बताया कि इस जघन्य घटना के पीछे मृतक का छोटा दामाद सुबल साहा उर्फ भुलु साहा है। उसने आर्थिक तंगी, पारिवारिक विवाद और पैसों के लालच में आकर इस अपराध को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के दिगुली मालपाड़ा गांव से गिरफ्तार किया गया है। एसडीपीओ विजय कुमार महतो के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने यह कार्रवाई की। पूछताछ में सुबल साहा ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि घटना वाली रात उसने अपने ससुर को फोन कर दरवाजा खुलवाया और फिर घर में घुसकर दोनों की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपनी बाइक से फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या के समय पहनी गई खून से सनी टी-शर्ट, उसका एंड्रॉइड मोबाइल, ससुर का कीपैड मोबाइल और सास के सोने के गहने बरामद कर लिए हैं। शुरुआत में आरोपी पुलिस को लगातार गुमराह करता रहा और यह दावा करता रहा कि घटना के समय वह झारखंड में नहीं था। लेकिन पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल्स और लोकेशन की जांच की, जिसमें वह घटना स्थल पर मौजूद पाया गया। इतना ही नहीं, घटना से ठीक पहले का आखिरी कॉल भी उसने अपने ससुर को ही किया था। साथ ही सीसीटीवी फुटेज में वह घटनास्थल के आसपास अकेले घूमता हुआ दिखा।
एसपी ने बताया कि आरोपी पहले ट्रक चलाता था, लेकिन काम छूट जाने के बाद वह आर्थिक संकट में था। उसने अपने ससुर के इलाज में कुछ आर्थिक मदद भी की थी। हाल ही में जब ससुर ने अपनी जमीन बेचकर मिली रकम बड़ी बेटी को दे दी और छोटी बेटी (सुबल की पत्नी) को नज़रअंदाज़ किया, तो वह नाराज़ हो गया। इसी नाराजगी और पैसों की लालच में उसने ये खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी को रविवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
No Comment! Be the first one.