News Saga Desk
रांची जिले में शनिवार को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री और ट्रैफिक पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने समाहरणालय परिसर से सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह जागरूकता रथ जिले के गांवों, शहरों, स्कूलों, कॉलेजों और बाजारों में भ्रमण कर लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करेगा। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के दौरान अपर जिला दंडाधिकारी राजेश्वर नाथ आलोक, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार सहित कई वरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं जान-माल के नुकसान का बड़ा कारण बनती जा रही हैं। यदि आम लोग ट्रैफिक नियमों का गंभीरता से पालन करें, तो कई हादसों और मौतों को रोका जा सकता है। उन्होंने बताया कि जागरूकता रथ के माध्यम से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज रफ्तार से वाहन न चलाने और नशे की हालत में वाहन न चलाने जैसे नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से पुलिस और प्रशासन को सहयोग करने की अपील की, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।
गौरतलब है कि पूरे देश में 1 से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “सीख से सुरक्षा” रखी गई है। इसी क्रम में जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग के संयुक्त प्रयास से रांची में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में रांची में 746 सड़क हादसे हुए, जिनमें 550 लोगों की मौत और 465 लोग घायल हुए। वहीं 2025 में नवंबर तक 747 सड़क दुर्घटनाओं में 504 लोगों की जान गई और 486 लोग घायल हुए।
सड़क सुरक्षा माह के दौरान जागरूकता रथ और अन्य कार्यक्रमों के तहत एलईडी वैन के माध्यम से प्रचार, सड़क सुरक्षा चौपाल, स्कूल-कॉलेजों में बच्चों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी, नियमों का पालन करने वालों का सम्मान, हेल्थ चेकअप कैंप, वाहन चालकों का प्रशिक्षण, प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक और खेलकूद गतिविधियों के जरिए लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
No Comment! Be the first one.