News Saga Desk
चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 19 मार्च यानि कल से हो चुकी है और 20 मार्च को इसका दूसरा दिन मनाया जा रहा है। नौ दिनों तक चलने वाला यह पावन पर्व मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना का विशेष अवसर होता है। इस दौरान श्रद्धालु व्रत रखते हैं और बिना प्याज-लहसुन के सात्विक भोजन का सेवन करते हैं।
अगर आप भी इस नवरात्रि के दौरान स्वादिष्ट और आसान व्रत रेसिपी की तलाश में हैं, तो यहां कुछ बेहतरीन विकल्प दिए जा रहे हैं जिन्हें आप घर पर आसानी से बना सकते हैं।
दही आलू: हल्का और स्वादिष्ट व्रत भोजन
दही आलू बनाने के लिए सबसे पहले आलू उबालकर छील लें और टुकड़ों में काट लें। कड़ाही में घी गरम कर जीरा डालें। जब जीरा चटकने लगे, तो बारीक कटी हरी मिर्च डालें। इसके बाद आलू डालकर हल्का भून लें।
अब फेंटा हुआ दही थोड़ा पानी मिलाकर कड़ाही में डालें और सेंधा नमक डालकर 3–4 मिनट धीमी आंच पर पकाएं। ध्यान रखें कि दही ज्यादा न उबले, वरना फट सकता है। अंत में हरा धनिया डालकर गरमा-गरम परोसें।
पनीर मखाना सब्जी: क्रीमी और पौष्टिक डिश
इस रेसिपी के लिए सबसे पहले मखानों को घी में हल्का कुरकुरा होने तक भून लें और अलग रख दें। उसी कड़ाही में पनीर के टुकड़ों को हल्का सुनहरा सेक लें।
अब घी में जीरा डालकर टमाटर की प्यूरी पकाएं और उसमें भीगे हुए काजू का पेस्ट मिलाकर ग्रेवी को क्रीमी बनाएं। सेंधा नमक, काली मिर्च और हरी मिर्च डालकर आवश्यकतानुसार पानी मिलाएं।
अंत में भुने हुए मखाने और पनीर डालकर 3–4 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। हरा धनिया डालकर गरमागरम सर्व करें।
साबूदाना खिचड़ी: व्रत का क्लासिक विकल्प
साबूदाना को 4–5 घंटे पहले धोकर भिगो दें और फूलने के बाद पानी पूरी तरह निकाल लें। कड़ाही में घी गरम कर हरी मिर्च डालें, फिर उबले आलू के टुकड़े डालकर हल्का भूनें।
इसके बाद भुनी हुई मूंगफली डालें और फिर साबूदाना व सेंधा नमक मिलाएं। मध्यम आंच पर धीरे-धीरे पकाएं। अंत में नींबू का रस और हरा धनिया डालकर परोसें।
साबूदाना वड़ा: कुरकुरा और स्वाद से भरपूर
भीगे हुए साबूदाना में उबले आलू मैश कर मिलाएं। इसमें भुनी मूंगफली, बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया और सेंधा नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।
इस मिश्रण से छोटी-छोटी टिक्की बनाएं और गरम तेल में सुनहरा व कुरकुरा होने तक तलें। गरमा-गरम साबूदाना वड़ा तैयार है।
कुट्टू का चीला: हेल्दी और झटपट बनने वाला विकल्प
कुट्टू के आटे में पानी मिलाकर पतला घोल तैयार करें। इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, कद्दूकस किया हुआ आलू और सेंधा नमक मिलाएं।
तवा गरम कर उस पर थोड़ा घी लगाएं और घोल फैलाकर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेकें। स्वादिष्ट कुट्टू का चीला तैयार है।
नवरात्रि के इस पावन अवसर पर ये सभी रेसिपी न सिर्फ स्वादिष्ट हैं, बल्कि व्रत के नियमों के अनुसार भी पूरी तरह उपयुक्त हैं। इन्हें बनाकर आप अपने उपवास को और भी खास बना सकते हैं।
No Comment! Be the first one.