News Saga Desk
रांची में IAS अधिकारी विनय चौबे से जुड़े मामले की जांच के दौरान एक नया व्यापारिक और वित्तीय संबंध सामने आया है। जांच एजेंसियों को चौबे के साले से जुड़े संदिग्ध लेनदेन और संपत्ति सौदों के सबूत मिले हैं। इस क्रम में सरदार सुरेंद्र सिंह और शिपिज त्रिवेदी के बीच करीबी वित्तीय लेनदेन की जानकारी सामने आई है, जो मुकुंद अपार्टमेंट की खरीद-बिक्री से जुड़े लोगों की जांच के दौरान उजागर हुई।
जांच में पाया गया कि मुकुंद अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट शिपिज त्रिवेदी की पत्नी प्रियंका त्रिवेदी ने खरीदा था। इस फ्लैट का मूल स्वामी ज्योतिष एन.के. बेरा था, जिसने बिक्री के लिए सरदार सुरेंद्र सिंह को पावर ऑफ अटॉर्नी दी थी।
नियमों के अनुसार फ्लैट की बिक्री से प्राप्त राशि ज्योतिष एन.के. बेरा के खाते में जानी चाहिए थी, लेकिन जांच में सामने आया कि यह राशि सीधे सरदार सुरेंद्र सिंह के खाते में ट्रांसफर की गई। इसी कारण बेरा से पूछताछ की गई, जिसके बाद जांच एजेंसी ने सरदार सुरेंद्र सिंह की तलाश शुरू की।
बताया गया कि सरदार सुरेंद्र सिंह वर्तमान में दिल्ली में रह रहे हैं। उन्हें रांची बुलाकर पूछताछ करने पर यह भी खुलासा हुआ कि शिपिज त्रिवेदी और प्रियंका त्रिवेदी की गुड़गांव स्थित अनंत राज स्टेट में भी संपत्ति है।
जांच के अनुसार, सरदार सुरेंद्र सिंह ने अनंत राज स्टेट में दो कमरों का एक फ्लैट बुक किया था, जबकि शिपिज त्रिवेदी ने उसी परियोजना में तीन कमरों का एक फ्लैट बुक कराया था। बाद में सरदार सुरेंद्र सिंह ने अपना फ्लैट अनंत राज स्टेट को सरेंडर कर दिया। इसके बाद शिपिज त्रिवेदी द्वारा सरदार सुरेंद्र सिंह के खाते में राशि ट्रांसफर किए जाने की जानकारी सामने आई।
जांच एजेंसियों का कहना है कि इन लेनदेन को लेकर अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया है। अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की गहनता से जांच जारी है और सभी संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
No Comment! Be the first one.