पटना-दिल्ली रूट पर नई रफ्तार, 2026 की शुरुआत में दौड़ेगी देश की पहली स्लीपर वंदे भारत

News Saga Desk

पटना के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. पटना जंक्शन से देश की पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है. रेलवे सूत्रों के मुताबिक, इस हाईटेक ट्रेन का परिचालन 2026 की शुरुआत में शुरू हो सकता है. तकनीकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और अब सिर्फ पहले रन की औपचारिक मंजूरी का इंतजार है.

यह स्लीपर वंदे भारत ट्रेन पटना–दिल्ली रूट पर चलेगी और तेजस राजधानी तथा संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस को सीधी टक्कर देगी. आधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन यात्रियों को कम समय में, ज्यादा आरामदायक और सुरक्षित सफर का अनुभव देगी.

पटना-दिल्ली रूट पर कम समय में सफर

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस पटना जंक्शन से चलकर डीडीयू जंक्शन, प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल पर ठहराव करेगी. इसकी रफ्तार तेजस राजधानी एक्सप्रेस से भी अधिक हो सकती है, जिससे दिल्ली पहुंचने में लगने वाला समय और घटेगा. खासकर रात के समय यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे बड़ी सुविधा मिलेगी.

किराये पर जल्द लगेगी मुहर

किराये को लेकर रेलवे स्तर पर अंतिम मंथन चल रहा है. अनुमान है कि संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के मुकाबले इसका किराया करीब 20 से 25 प्रतिशत अधिक हो सकता है, जबकि यह राजधानी एक्सप्रेस के आसपास या उससे थोड़ा ज्यादा रहेगा. प्रीमियम सुविधाओं के कारण इसे तेजस राजधानी की तर्ज पर रखा जाएगा. अगले 10 दिनों में किराये पर अंतिम फैसला हो सकता है.

पिट लाइन की देरी से अटका प्रोजेक्ट

इस महत्वाकांक्षी परियोजना में सबसे बड़ी बाधा पिट लाइन के आधुनिकीकरण को लेकर आई. वंदे भारत स्लीपर के लिए कैमटेक डिजाइन के अनुसार पिट लाइन को अपग्रेड किया जाना था. काम की शुरुआत 2023 में हुई थी, जिसे छह महीने में पूरा होना था, लेकिन देरी के चलते करीब दो साल लग गए. अब पिट लाइन का काम लगभग पूरा हो चुका है और दिसंबर के अंत तक इसे अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है.

सफल ट्रायल के बाद बढ़ा भरोसा

वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का पहला सफल ट्रायल दिसंबर 2024 में मध्य प्रदेश के खजुराहो से उत्तर प्रदेश के महोबा के बीच किया गया था. ट्रायल के सफल रहने से रेलवे को इसके व्यावसायिक संचालन को लेकर पूरा भरोसा मिला है. भविष्य में बिहार को खजुराहो जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों से जोड़ने की भी योजना पर विचार किया जा रहा है.

पटना से दिल्ली के बीच चलने वाली यह स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस बिहार के यात्रियों के लिए एक गेमचेंजर साबित हो सकती है. आधुनिक कोच, बेहतर स्लीपिंग अरेंजमेंट, तेज रफ्तार और सीमित ठहराव इसे लंबी दूरी की रेल यात्रा की नई पहचान बना सकते हैं.

Read More News

Read More