झारखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती पर निकली साइक्लोथॉन, मोरहाबादी से उलिहातू तक पहुंचेगी रैली

NEWS SAGA DESK

रांची: झारखंड राज्य के स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्यभर में विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। इसी क्रम में सोमवार को रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से एक भव्य साइकिल रैली ‘साइक्लोथॉन’ का आयोजन किया गया। इस रैली को पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह साइक्लोथॉन भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी के उलिहातू तक जाएगी। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोगों, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शहर को इस कार्यक्रम के मद्देनजर बैनर, पोस्टर और झंडों से सजाया गया था, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय दिखाई दिया।

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि यह रैली झारखंड की भावना, एकता और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य के निर्माण के लिए जिन महापुरुषों ने अपना बलिदान दिया, उनके सपनों को साकार करने के लिए सरकार सतत प्रयासरत है। “हमारा लक्ष्य झारखंड को समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनाना है,” उन्होंने कहा।

इससे पूर्व जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। मोरहाबादी मैदान में पारंपरिक नृत्य और आदिवासी संस्कृति की झलक देखने को मिली।

राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 11 नवंबर से ही कार्यक्रमों की शुरुआत हो चुकी है। पहले दिन ‘रन फॉर झारखंड’ का आयोजन किया गया, जबकि 12 नवंबर को शहर की सड़कों पर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियां हुईं। आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और राज्य स्थापना दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन मोरहाबादी मैदान में होगा।

Read More News

झारखंड में शिक्षा विभाग के फर्जी वादों का खुलासा, भाजपा प्रवक्ता अजय शाह ने संवाददाताओं को बताया

रांची | राजधानी रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आज प्रदेश प्रवक्ता अजय शाह ने संवाददाता...

Read More