News Saga Desk
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार सक्रिय हैं। इसी कड़ी में वे सोमवार को बक्सर पहुंचे, जहां उन्होंने नावानगर विशेष औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित कई औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएम ने उत्पादन, रोजगार और उद्योगों के विस्तार से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में औद्योगिक विकास को और तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सके। उन्होंने प्लांट, बॉटलिंग प्लांट और एथेनॉल यूनिट का भी निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने वरुण बेवरेजेस लिमिटेड का दौरा किया और पेय पदार्थों के निर्माण की पूरी प्रक्रिया को समझा।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उनके साथ मौजूद थे। बियाडा द्वारा इस क्षेत्र में करीब डेढ़ सौ एकड़ जमीन चिन्हित की गई है, जिसमें से तीन कंपनियों को जमीन आवंटित कर दी गई है और कुछ इकाइयों में काम भी शुरू हो चुका है। बताया गया कि जल्द ही और कंपनियां भी यहां निवेश के लिए आएंगी।
मुख्यमंत्री ने बक्सर में बने नए गंगा पुल का हवाई सर्वेक्षण भी किया और प्रगति की जानकारी ली। औद्योगिक विकास की इस मुहिम के तहत नीतीश कुमार कुछ दिन पहले हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र का भी दौरा कर चुके हैं, जहां उन्होंने कई प्रमुख कंपनियों के यूनिट्स का निरीक्षण किया था और रोजगार व विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की थी।
No Comment! Be the first one.