ओलंपिक विजेता नीरज चोपड़ा को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) का सम्मान

News saga desk

नई दिल्ली: ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) की उपाधि प्रदान की गई। यह सम्मान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की मौजूदगी में साउथ ब्लॉक में आयोजित पिपिंग समारोह के दौरान दिया गया।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने नीरज चोपड़ा और उनके परिवार के सदस्यों से बातचीत करते हुए उन्हें अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि नीरज न केवल खेल जगत के लिए, बल्कि सशस्त्र बलों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।

हरियाणा के पानीपत जिले के खंडरा गांव में 24 दिसंबर 1997 को जन्मे नीरज चोपड़ा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने शानदार प्रदर्शन से देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने 2016 में भारतीय सेना में भर्ती होकर राजपूताना राइफल्स में सेवा शुरू की।

नीरज चोपड़ा ने 2020 टोक्यो ओलंपिक में ट्रैक एंड फील्ड में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इसके बाद उन्होंने 2024 पेरिस ओलंपिक में रजत पदक, 2023 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक, साथ ही एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और डायमंड लीग में कई पदक अपने नाम किए। उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो 90.23 मीटर (2025) भारतीय खेल इतिहास में मील का पत्थर है।

नीरज चोपड़ा को इस वर्ष 16 अप्रैल 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रादेशिक सेना में मानद कमीशन प्रदान किया था। इसके अलावा उन्हें पद्मश्री, मेजर ध्यानचंद खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, परम विशिष्ट सेवा पदक और विशिष्ट सेवा पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है।

Read More News

रामनवमी से पहले रांची में हाई अलर्ट, डीजीपी की बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सख्त निर्देश

राजधानी रांची में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में...

उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के दौरे से पहले रांची-खूंटी में हाई अलर्ट, 22 पुलिस अधिकारी तैनात

रांची: उप-राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित रांची और खूंटी दौरे को लेकर झारखंड...

Read More