महाशिवरात्रि पर पहाड़ी मंदिर में उमड़ेगी आस्था, सुरक्षा और ट्रैफिक के व्यापक इंतजाम

News saga Desk

रांची: महाशिवरात्रि के अवसर पर राजधानी रांची के ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और ट्रैफिक विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। शहर में विभिन्न स्थानों पर भव्य झांकियों और शिव बारात का आयोजन भी किया जाएगा, जिसके मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

रांची जिला प्रशासन और ट्रैफिक डीएसपी की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया गया। जिन मार्गों से झांकियां और शिव बारात निकाली जानी है, उनका बारीकी से जायजा लिया गया, ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारू और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सके।

ट्रैफिक डीएसपी प्रमोद कुमार केसरी ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं का आवागमन शुरू हो जाएगा। इसे देखते हुए ड्रॉप गेट, बैरिकेडिंग, वाहनों की रोक-टोक और पुलिस बल की तैनाती जैसे सभी बिंदुओं पर विशेष योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि शिव बारात के निर्धारित रूट पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। कट पॉइंट और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक डीएसपी टू, गोंदा थाना प्रभारी, सुखदेव नगर थाना प्रभारी और डेली मार्केट थाना प्रभारी भी मौजूद थे।

पहाड़ी मंदिर में भव्य सजावट और कड़ी सुरक्षा

महाशिवरात्रि को लेकर पहाड़ी मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। पूरे मंदिर परिसर को फूलों से सजाने के साथ रंग-रोगन और व्यापक साफ-सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। हर वर्ष की तरह इस बार भी झारखंड समेत अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहाड़ी बाबा के दर्शन के लिए पहुंचेंगे।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और जिला प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

पहाड़ी मंदिर पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महाशिवरात्रि के दिन प्रातः 3:30 बजे पहाड़ी बाबा की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी, जिसके बाद आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के द्वार खोल दिए जाएंगे।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि दर्शन और आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

Read More News

Read More